चरखी दादरी। जिले को इस बार भी मांग के अनुरूप नहरी पानी नहीं मिला है, जिससे के सर्दी के मौसम में भी जल संकट कम होता नजर नहीं आ रहा। पांच नवंबर को 15 दिन के लिए नहरी पानी की टर्न आई थी, लेकिन उससे शहर व गांव के जलघर नहीं भरे गए थे। सभी जलघर भरे जाने के लिए जिले को 900 क्यूसेक नहरी पानी की आवश्यकता थी, लेकिन इस टर्न सिर्फ 700 क्यूसेक पानी मिला है।
शहर में पानी की स्टोरेज क्षमता कम है। इस वजह से समय-समय पर पानी का संकट बना रहता है। इसके चलते विभाग को शहर में एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई करनी पड़ रही है। अब जिले को 700 क्यूसेक नहरी पानी मिला है। पानी की चोरी न हो और जलघरों के टैंक भर जाए इसके लिए अधिकारियों ने पंप हाउसों व साइट का निरीक्षण शुरू कर दिया है। सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता कपिल कुमार ने बताया कि नहरों में पानी पहुंच गया है। जलघरों में पानी पहुंचाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पानी की चोरी रोकने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। टेल तक पानी पहुंचाया जाएगा।