चरखी दादरी। शहर के बाहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नगर परिषद की ओर से करीब एक वर्ष पहले 70 लाख रुपये से पांच जगहों पर लगवाई गई ट्रैफिक लाइट पिछले काफी समय से बंद पड़ी हैं। इनका संचालन न होने से यातायात व्यवस्था बेपटरी है और हादसों का भी खतरा बना रहता है।
यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों ने प्रशासन व संबंधित विभागों से बंद पड़ी लाइटों को चालू करवाने की मांग की है जिससे बाहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और जाम की समस्या का भी समाधान हो सके। बता दें कि नगर परिषद की ओर से जनवरी 2025 में ट्रैफिक लाइट लगवाने का काम पूरा हो गया था। इस पर करीब 70 लाख रुपये की राशि खर्च की गई थी।
नगर परिषद के चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने पार्षदों व यातायात थाना प्रभारी की मौजूदगी में 30 जनवरी 2025 को इन ट्रैफिक लाइटों का शुभारंभ किया था, लेकिन अब पिछले लंबे अर्से से पांचों चौराहों की ट्रैफिक लाइटें बंद पड़ी हैं जिसके कारण चौराहों से बेतरतीब ढंग से वाहन गुजरते हैं।
किस ट्रैफिक लाइट की क्या है स्थिति
चिड़िया मोड़ : शहर के चिड़िया मोड़ पर लगाई गई ट्रैफिक लाइट बंद है। यहां से महेंद्रगढ़, झज्जर और रेवाड़ी जिलों की तरफ जाने वाले हजारों वाहनों का आवागमन होता है। इसके समीप ही नई अनाज मंडी स्थित है। अब मुख्य मार्ग का पुनर्निर्माण होने के बाद वाहनों की संख्या और बढ़ेगी।
समसपुर टी-प्वाइंट : नेशनल हाईवे 334बी पर पड़ने वाले समसपुर टी-प्वाइंट से नारनौल, महेंद्रगढ़, दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम जाने के लिए वाहन चालक गुजरते हैं। यहां से प्रतिदिन दस हजार से अधिक वाहनों का आवागमन होता है। यह ट्रैफिक लाइट लंबे समय से बंद पड़ी है।
रावलधी चौक : रावलधी चौक से रोहतक, चंडीगढ़ व भिवानी आने-जाने वाले वाहन चालक आवागमन करते हैं। वहीं, खनन क्षेत्रों से आने वाले 80 फीसदी भारी वाहन भी यहीं से गुजरते हैं। यहां चौराहा नहीं है जबकि ट्रैफिक लाइटें भी बंद हैं। ऐसे में यहां हादसों का अंदेशा रहता है।
भिवानी रोड टी-प्वाइंट : रावलधी-भिवानी लिंक मार्ग पर भिवानी टी-प्वाइंट पर ट्रैफिक लाइटें लगाई गई हैं। ये लाइटें भी बंद पड़ी हैं। यहां से लोहारू, बाढड़ा, भिवानी, पिलानी व नारनौल आदि रूटों पर जाने वाले प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं।
लोहारू चौक : लोहारू चौक पर भी नगर परिषद की ओर से ट्रैफिक लाइटें लगाई गई थीं, जो बंद पड़ी हैं। यहां से प्रतिदिन आठ हजार से अधिक वाहन चालक गुजरते हैं। ट्रैफिक लाइटें बंद होने से यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। ट्रैफिक लाइट चालू होने से व्यवस्था सुधरेगी।
वर्जन:
ट्रैफिक लाइटों का संचालन किस कारण से बंद है, इसके बारे में जानकारी ली जाएगी। गुलजार मलिक, जिला नगर आयुक्त, दादरी।