फोटो 29 पुतला तैयार करते कलाकार
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। आज से रामलीला मंचन का आगाज होगा। श्रीराम लीला कमेटी ने मंचन के साथ 15 अक्तूबर को दशहरा पर रावण दहन की तैयारियां भी कर ली है। इस बार चार पुतले तैयार करवाए हैं। इनमें राक्षसी ताड़का का पुतला भी शामिल है। पिछले साल कोरोना के चलते पुतला दहन नहीं हुआ था, जबकि उससे पिछले साल तीन पुतले फूंके गए थे। इन पुतलों को तैयार करवाने पर इस बार 60 हजार रुपये खर्च आया है और महेंद्रगढ़ निवासी मोहन ने अपनी टीम के साथ मिलकर इन पुतलों को तैयार किया है।
मोहन ने बताया कि पुतले तैयार करने में 15 दिन का समय लगा और सभी पुतलों के अलग-अलग भाग तैयार कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुतला दहनस्थल पर इन्हें जोड़कर खड़ा कर दिया जाएगा। मोहन बताते हैं कि दशहरा के लिए पुतले तैयार करने का काम उनका परिवार तीन पीढ़ियों से कर रहा है। उन्होंने बताया कि वो दिल्ली के अलावा नैनीताल, हिमाचल और जम्मू कश्मीर में पुतले तैयार कर चुके हैं। दादरी हर साल वो पुतले तैयार करने के लिए आते है। उन्होंने बताया कि इस बार दादरी में रावण का 40 फुट ऊंचा तैयार किया गया है, जबकि बाकी तीनों पुतले इस बार 30 फुट के तैयार किए गए हैं। श्रीरामलीला कमेटी पदाधिकारियों के अनुसार बलिदान स्टेडियम में इस बार पुतला दहन की संभावना है। समिति प्रशासन से अनुमति लेने के बाद ही जगह तय करेगी। दूसरी ओर रामलीला कमेटी सोमवार रात से रामलीला का मंचन शुरू करेगी। कलाकार अपने-अपने किरदार की रिहर्सल में जुटे हुए हैं।