संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। अब विद्यार्थी, शिक्षक, स्कूल मुखियाओं को छोटे स्तर के कार्य करवाने के लिए बजट की वजह से परेशान नहीं होना पड़ेगा। सरकार ने शिक्षा विभाग में फर्नीचर मरम्मत, पेन, कॉपी,टीएलएम व अन्य कार्याें के लिए बीआरसी स्तर पर छह लाख रुपये की ग्रांट जारी की है। जिले में तीन बीआरसी यानी ब्लॉक रिसोर्स को-ऑर्डिनेटर हैं। सभी स्कूल इन तीनों के अधीन आते हैं।
स्कूलों में कई बार छोटे स्तर के कार्य पूरे करवाने के बजट की समस्या बनी रहती है। बजट के अभाव में फर्नीचर, टेबल, बेंच,कुर्सी आदि टूटने पर उसे बिना विभाग की अनुमति के ठीक करवाना संभव नहीं होता। इसी प्रकार स्टेशनरी के सामान की भी जरूरत बनी रहती है। कर्मचारी अपनी मर्जी से स्टेशनरी नहीं खरीद पाता है जिससे कामकाज बाधित होता है। इसे देखते हुए अब सरकार की ओर से जिले के तीनों बीआरसी को ग्रांट छह लाख का बजट जारी किया है।
चार मदों मं जारी ही गई ग्रांट
यह ग्रांट चार मदों में जारी की गई है। पहली मद के रूप में रखरखाव ग्रांट है, जिसका बजट 75 हजार रुपये प्रति बीआसी यानी कुल 2.25 लाख का बजट है। दूसरे मद के रूप में मरम्मत ग्रांट है। यह ग्रांट प्रति बीआरसी 30 हजार रुपये यानी कुल 90 हजार रुपये जारी की गई है। तीसरे मद के रूप में टीचिंग लर्निंग मटेरियल यानी टीएलएम की ग्रांट जारी की गई है। इससे शिक्षण संंबंधी सहायक सामग्री खरीदी जा सकेगी। 15 हजार प्रति बीआरसी यानी 45 हजार रुपये जारी किए गए हैं। चौथे मद के रूप में बीआरसी मीटिंग टीए ग्रांट जारी की गई है। यह ग्रांट प्रति बीआरसी 80 हजार यानी दो लाख 40 हजार रुपये दी गई।
-शिक्षक सहायक सामग्री की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता जरूरी
ग्रीष्मावकाश के बाद स्कूल खुल गए हैं ऐसे में खासकर टीएलएम शिक्षक सहायक सामग्री की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता जरूरी है। टीएलएम का इस्तेमाल शिक्षक व विद्यार्थी शिक्षण कार्य में करते हैं।
बीआरसी स्तर पर यह ग्रांट जारी की गई है। इस बजट से स्कूलों में छोटे स्तर की जरूरतों की पूर्ति की जा सकेगी। सरकार ने फर्नीचर मरम्मत, पेन, कॉपी, टीएलएम व अन्य कार्याें के लिए बीआरसी स्तर पर छह लाख रुपये की ग्रांट जारी की है। जिले में तीन बीआरसी यानी ब्लॉक रिसोर्स को-ऑडिनेटर हैं। इनके अधीन सभी स्कूल आते हैं। - संदीप कुमार, एसीपी, शिक्षा विभाग