चरखी दादरी। जिले में 14 दिन बाद शनिवार को डीएपी खाद के 4,492 कट्टे पहुंचे। डीएपी आने की सूचना मिलते ही पैक्स समिति कार्यालयों के बाहर किसानों की लाइन लग गई। शाम तक खाद बांट दी गई लेकिन यूरिया खाद न आने पर किसान चिंतित हैं। किसानों ने यूरिया की खेप मंगवाने की भी बात कही है।
लंबे इंतजार के बाद शनिवार को डीएपी खाद का वितरण किया गया। शनिवार सुबह ही जब खाद से भरा ट्रक पहुंचा तो किसानों की पैक्स समिति कार्यालयाें के बाहर लाइन लग गई। हर कट्टा 50 किलोग्राम का है। यह 1,350 रुपये में दिया जा रहा है। इस समय किसान गेहूं की बिजाई के दौरान डीएपी खाद खेत में डाल रहे हैं ताकि अच्छी पैदावार मिल सके।
नगर स्थित जमीदारा सोसायटी कार्यालय और गांव अटेला पैक्स समिति कार्यालय में 760-760 कट्टे बांटे गए। बाडड़ा, गांव मोरवाला और गांव छपार की पैक्स समिति कार्यालय में 500-500 कट्टे बांटे गए। डोहकी और पैतावास कलां की निजी दुकानों पर 150-150 बैग बांटे गए हैं।