चरखी दादरी। जिले में मौजूदा सत्र से चल रहीं 22 खेल नर्सरियाें में अभ्यास कर रहे करीब 550 खिलाड़ियों के तीन माह का डाइट बजट जारी हो गया है। खिलाड़ियों की हाजिरी सत्यापित करने के बाद ही खुराक भत्ता जारी हो सका है।
सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के अलावा एकेडमी में भी नर्सरियां चल रहीं हैं। खेल नर्सरियों में विभिन्न खेलों का अभ्यास करवाया जाता है। नर्सरी के लिए मैदान और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध होने जरूरी हैं। हर नर्सरी में एक कोच तैनात है।
एक नर्सरी में 25 खिलाड़ी अनुमन्य हैं जबकि 10 खिलाड़ियों को प्रतीक्षा सूची में रखा जाता है ताकि बीच में कोई खिलाड़ी किसी कारणवश छोड़ जाए तो प्रतीक्षा सूची वाले खिलाड़ी को दाखिल कर लिया जाए।
जिले में विभिन्न खेलों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अभ्यासरत हैं जो कई पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। जिले के 12 गांवों में राजीव गांधी खेल स्टेडियम भी बने हैं जिनमें करीब 900 खिलाड़ी अभ्यास करते हैं।
सरकार की ओर से इन खिलाड़ियों को डाइट भत्ता दिया जाता है। आठ से 14 साल तक के खिलाड़ियों को 1,500 रुपये प्रति माह और 15 से 19 वर्ष के खिलाड़ियों को 2,000 रुपये डाइट भत्ता देय है। अप्रैल में आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनकी जांच की गई थी। आवेदन सही पाए जाने पर मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया गया था।