चरखी दादरी। जिले में डेंगू और मलेरिया पीड़ितों की संख्या 18 अगस्त के बाद तेजी से बढ़ रही है। पांच दिन में डेंगू के 42 केस मिले हैं। इसके मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने शहर में जलभराव वाले क्षेत्रों की सूची तैयार कर प्रशासन को भेजी है। विभागीय सर्वे के अनुसार अभी भी शहर में 42 जगहों पर पानी भरा हुआ है जिस पर मक्खी व मच्छर पनप रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासन से पानी निकासी करवाने की मांग भी की है।
जिन जगहों पर जलभराव मिला है वहां स्वास्थ्य विभाग मच्छरों की रोकथाम के लिए दवा का छिड़काव करवाएगा, ताकि डेंगू और मलेरिया के बढ़ते मामलों को रोका जा सके। मरीजों की संख्या में कमी लाई जा सके। गत वर्ष भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से जलभराव वाले क्षेत्र चिह्नित कर ऐसी व्यवस्था की गई थी जो कारगर भी रही थी।
बता दें कि जुलाई में हुई बारिश के बाद से ही शहर की सीवर व्यवस्था पटरी नहीं लौटी है। यह भी शहर में विभिन्न जगहों पर जलभराव होने का मुख्य कारण है। जुलाई में जहां डेंगू व मलेरिया के कम मामले सामने आए तो वहीं अगस्त में धड़ाधड़ मामले सामने आ रहे हैं। पिछले चार दिनों की बात करें तो डेंगू के 31 केस और मलेरिया के दो मामले सामने आए हैं। वहीं, इस समय अवधि में एक डेंगू पीड़ित की मौत भी हुई है और इसकी जांच विभाग ने शुरू कर दी है।
इन कॉलोनियां में है जलभराव
स्वास्थ्य विभाग को मिली जलभराव की रिपोर्ट के अनुसार एमसी कॉलोनी स्थित सांसद धर्मबीर सिंह वाली गली, मित्तल पेट्रोल पंप के सामने वाली गली, घिकाड़ा रोड न्यू बाईपास, शिव कॉलोनी के पिछली तरफ, बूस्टिंग स्टेशन के पास, बैंकर कॉलोनी, पूर्ण नगर, शिव स्कूल के पास, पूर्व पार्षद रामनिवास वाली गली के तीन खाली प्लॉट में, टैगोर स्कूल वाली गली के तीन प्लॉट में,भाना नंबरदार के मकान के पास, तंबाकू फैक्ट्री के पास, रोहतक रोड रेलवे लाइन, रोहतक रोड रेलवे क्राॅसिंग के पास, सीसीआई परिसर, गांधीनगर गली नंबर 24 व 25,विश्वेश स्कूल के पास, प्रेम नगर गली नंबर 3,सर्वोदय स्कूल के पास,आर्दश धर्मशाला के पीछे, बाला वाला जोहड़ के पास, परसराम हेतराम स्कूल के पीछे, विद्या विहार कॉलोनी गली नंबर 5,6,7, महेंद्रगढ रोड चुंगी के पास, डीएसपी व तहसीलदार निवास पर, वाल्मीकि नगर के पीछे सामुदायिकी भवन, चिड़िया रोड से गामड़ी रोड, गामडी स्लम क्षेत्र के खाली प्लाॅटों में, रविदास नगर स्थित आंगनबाडी केंद्र, जाट धर्मशाला के पीछे हनुमान गेट के खाली पड़े प्लॉटों में, वार्ड 14 में पार्षद सतबीर चौहान निवास के सामने, रविदास नगर से कलियाणा रोड, चरखी गेट के खाली प्लॉट, सेक्टर आठ के खाली प्लॉट, एमएचसी भवन, पुराना अस्पताल भवन के पीछे, चरखी गेट से मेजबान चौक खाली प्लॉट, जयहिंद अस्पताल के सामने, पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान निवास के पीछे खाली प्लॉट में, मेजबान चौक से सेक्टर रोड पर खाली प्लॉट में, लोहारू चौक से महेंद्रगढ़ रोड के खाली प्लॉट, नागरिक अस्पताल खाली मैदान, वार्ड 17 स्थित स्वर्ण शताब्दी पार्क के सामने व बस स्टैंड के पीछे वाली गली में पानी भरा हुआ है।
ये उठाए जाएंगे कदम
स्वास्थ्य विभाग के सर्वे का मकसद ये है कि जलभराव वाले क्षेत्रों का पता लगाकर वहां से पानी की निकासी करवाई जा सके। इसके अलावा मच्छरों का प्रकोप रोकने के लिए यहां दवा का छिड़काव और फॉगिंग करवाई जा सके, ताकि मलेरिया व डेंगू का प्रकोप रोका जा सके।
वीरवार को मिले 7 नए केस
वीरवार को जिले में डेंगू के 7 मामले और सामने आए हैं। इसके बाद डेंगू पीड़ितों ही संख्या 74 हो गई है। वहीं, मलेरिया के अभी चार ही केस हैं।
हमने शहर में जलभराव वाले क्षेत्रों की निशानदेही कर ली है, वही हमने अपने कर्मचारी भी टेनिफोस दवा का छिड़काव करने के लिए लगा दिए है। दवा के छिड़काव के बाद मच्छरों पर काबू पाया जा सकेगा।
-डॉ. गौरव भारद्वाज, नोडल अधिकारी, डेंगू एवं मलेरिया