मारपीट कर धमकी देकर भाग गए थे आरोपी, घायल ने पुलिस को दर्ज कराए बयान
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव मैहड़ा निवासी रविंद्र उर्फ बब्बल के साथ जमीन विवाद को लेकर की गई मारपीट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान थिलोड निवासी नरेंद्र उर्फ ढिल्ला, हिसार के टोकस जिला निवासी कीर्तिमान, गाली सूरतीया निवासी राहुल और गंगवा निवासी विजय उर्फ सन्नी के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 27 जनवरी को रविंद्र ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि वह जमीन की खरीद-फरोख्त का कार्य करता है। साल 2019 में उसने धनासरी निवासी पवन के साथ मिलकर बाढड़ा व भांडवा के बीच चार एकड़ जमीन खरीदी थी। इसमें दोनों का हक था। बाद में पवन ने अपनी जमीन में दिनेश, विजय, सुरेश, दिनेश, सोमबीर को भी साझेदार बना लिया। करीब 7-8 माह बाद पांचों उनसे जमीन का हिस्सा मांगने लगे। इस दौरान फतेहगढ़ निवासी अमित उर्फ बदमाश ने उसे फोन पर जमीन छोड़ने और मारने की धमकी दी थी।
24 जनवरी को सायं साढ़े तीन बजे वह अपने साथियों के साथ प्लॉट में बैठा हुआ था। उसी दौरान कुछ लोग डंडे लेकर आए और बब्बल के संबंध में पूछा। उसके जवाब देने पर सभी ने डंडों से मारपीट की और अमित का साथी बताकर जमीन खाली करने व ऐसा न करने पर गोली मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।
जिला पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
फोटो- 16
पुलिस की गिरफ्त में मारपीट के चारों आरोपी। स्रोत : पुलिस विभाग