संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिलावासियों को मुख्यमंत्री बुधवार को 180 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें मुख्य तौर पर बाढड़ा ब्लॉक के 35 गांवों के लिए तैयार पेयजल योजना है। इसका काम पूरा हो चुका है। अब इन गांवों के लोगों को बुधवार से नहरी पानी मिलेगा।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि चरखी दादरी के लोगों को कई बड़ी परियोजनाओं का लाभ मिलने वाला है। सात मार्च को मुख्यमंत्री मनोहर लाल वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से 180 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें बाढड़ा ब्लॉक के 35 गांवों के लिए तैयार पेयजल योजना शामिल है, जिसपर लगभग 112 करोड़ रुपये की लागत आई है। उन्होंने बताया कि सरकार के पिछले कार्यकाल के दौरान इस परियोजना पर काम शुरू हुआ था। इसके अलावा शहर के रामस्वरूप दास मातृ एवं शिशु अस्पताल में रिहायशी काॅलोनी का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री करेंगे। मुख्यमंत्री कादमा और झोझू के बस स्टैंड, लोहारू फीडर के पांच हिस्सों के मरम्मत कार्य का उद्घाटन भी करेंगे।
इन गांवों को मिलेगी विकास की सौगात
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री दगडौली, टिकाण, गोठडा, इमलोटा, बीजणा, सांकरोड, जावा और बधवाना में सामुदायिक केंद्र भवन की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा वे चांदवास, सांजरवास, बादल, बिरहीकलां, असावरी, जेवली, आबिदपुरा, रानीला, अटेला खुर्द और बाढड़ा गांव में अमृत सरोवर का भी उद्घाटन करेंगे।