चरखी दादरी। गांव छपार के पास रविवार दोपहर को कार पलटने से चालक समेत तीन गोरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। दादरी नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को पीजीआई रेफर किया गया। घायलों की पहचान छपार निवासी अमित, कितलाना निवासी चिंटू और निमड़ी वाली निवासी अनिकेत के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अनिकेत, चिंटू और अमित रविवार को कार से कितलाना से चले थे। तीनों कितलाना गोरक्षा दल के सदस्य हैं। चिंटू घायल पशुओं का एंबुलेंस चालक है। इस दौरान छपार होते हुए वे किसी काम से दादरी आ रहे थे। जब वे छपार के पास पहुंचे तो उनकी कार पलट गई। इसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
बाद में राहगीरों ने देखा तो तीनों को दादरी नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। अनिकेत व अमित की हालत गंभीर होने पर उन्हें तुरंत पीजीआई रेफर कर दिया। कुछ देर बाद चिंटू की हालत भी नाजुक होने लगी तो चिकित्सकों ने उसे भी पीजीआई रेफर किया। शाम तक तीनों की हालत नाजुक बताई जा रही थी।