चरखी दादरी। टीबी मुक्त अभियान के तहत जिला स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को शहर में चार जगहों पर कैंप लगाकर 298 लोगों की स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान विभिन्न बीमारियों के लक्षण नजर आने पर 33 लोगों के नमूने लिए गए। इसके अलावा इनमें से टीबी संदिग्ध 15 मरीजों की छाती के एक्स-रे भी किए गए और दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
गौरतलब है कि टीबी के छिपे केस ढूंढने के लिए स्वास्थ्य विभाग का शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य जांच अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। दोनों निक्षय टीमें गांधीनगर, प्रेमनगर, वाल्मीकि बस्ती और कबीर नगर में पहुंची। वहीं, इस मुहिम के तहत अब तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें शहर में 3,473 लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है जिनमें से 333 टीबी संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए। वहीं, 197 लोगों की छाती के एक्स-रे भी किए गए और 53 लोगों की एक्स-रे रिपोर्ट अब तक पॉजिटिव आ चुकी है। वहीं, विभाग ने इन सभी के बलगम का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा है।
30 दिन में 20 हजार शहरी आबादी को कवर करेंगी टीमें
दरअसल, टीबी मुक्त अभियान के तहत जिला स्वास्थ्य विभाग ने गांवों के बाद अब शहर का रुख कर लिया है। इसके तहत अगले 30 दिन विभाग की दो टीमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर 20 हजार लोगों की स्वास्थ्य जांच करेंगी। अब तक टीमें घिकाड़ा रोड स्थित तेजाब फैक्टरी, शिव कॉलोनी, चरखी दरवाजा, लाधान पाना, श्योराण समाधि स्थल, भगत सिंह चौक, रंगीला हनुमान मंदिर, सिंघान मौहल्ला, हरीनगर, चंपापुरी, रविदास नगर, रामलीला ग्राउंड, गांधीनगर, प्रेमनगर, वाल्मीकि और कबीर नगर को कवर कर चुकी हैं।
मंगलवार को दोनों टीमों ने 298 लोगों की स्क्रीनिंग की और 33 के सैंपल लिए। इनके अलावा टीबी संदिग्ध 15 लोगों के एक्स-रे किए गए, जिनमें से दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब तक मुहिम के तहत शहर में 3,473 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है और 333 के सैंपल लिए गए हैं। इनके अलावा 197 लोगों की छाती का एक्स-रे कराया गया और 53 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
- डॉ. संदीप, डिप्टी सीएमओ एवं टीबी नोडल अधिकारी