संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले में रविवार को देवउठनी एकादशी के पहले सावे पर 250 के करीब जोड़ों के परिणय सूत्र में बंधने का अनुमान है। इस अबूझ सावे पर जिलेभर में फूल विक्रेताओं, वाटिकाओं और ब्यूटी पार्लरों में 53 लाख रुपये से अधिक का कारोबार होने की संभावना है। सावे को लेकर सजने के लिए फ्लॉवर डेकोरेशन की दुकानों पर पहुंचीं गाड़ियों की लंबी कतार लगी हुई थी। वहीं, वाटिका संचालकों ने भी पैकेज के अनुसार अपने बैंक्वेट हॉल और समारोह स्थलों को फूलों और रंगीन लाइटों से सजाया।
करीब तीन महीने बाद वैवाहिक सीजन की शुरुआत रविवार को देवउठनी एकादशी से हो गई है। देवउठनी एकादशी के साथ ही 13 दिसंबर तक शादी समारोह का शुभ मुहूर्त माना गया है। पहले सावे पर बाजार में अच्छे कारोबार की उम्मीद लगाए बैठे फ्लॉवर डेकोरेशन दुकान संचालकों ने बताया कि शहर स्थित 10 दुकानों में 200 से अधिक गाड़ियों के सजने की उम्मीद है।
वहीं, शादी समारोह को लेकर लोगों ने एक माह पहले ही वरमालाओं की एडवांस बुकिंग करवाई थी। फूल कारोबारियों ने लागत के अनुसार गुलाब व गेंदे के फूलों का भंडारण किया था। बाजार में गुलाब की मांग को देखते हुए और भी मंगवाया गया है। उन्होंने बताया कि अबूझ सावे पर जिलेभर में 10 क्विंटल तक गुलाब की खपत हुई है। रविवार को हो रहीं शादियों में फूलों का कारोबार करीब साढ़े चार लाख रुपये का हुआ है।
इनके अलावा, शहर की 15 वाटिकाओं में संचालकों की ओर से बनाए गए अलग-अलग पैकेजों पर 25 लाख तक खर्च हो सकते हैं। वहीं, ब्यूटी पॉर्लरों में भी रविवार सुबह से ही महिलाएं शृंगार के लिए पहुंचनी शुरू हो गई थीं।