रात को वाहनों की जांच करते हुए पुलिसकर्मी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। अपराध और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए दादरी पुलिस ने 15-16 नवंबर की मध्यरात्रि कनीना टी-पॉइंट पर सघन नाकाबंदी अभियान चलाया। रातभर चले अभियान के दौरान पुलिस टीम ने छोटे-बड़े कुल 120 वाहनों की जांच की। इस दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने पर दो वाहनों के चालान काटे गए। अचानक की गई इस नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच करने के साथ ही संदिग्ध वाहनों की तलाशी भी ली।
पुलिस महानिदेशक हरियाणा के दिशा-निर्देशों और पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी. आईपीएस के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी राकेश कुमार ने किया। उनके साथ इंस्पेक्टर राजेश और 16 पुलिस जवानों की टीम तैनात रही। देर रात से सुबह तक पुलिसकर्मियों ने नाके पर मुस्तैदी से ड्यूटी निभाई और वहां से गुजरने वाले वाहनों पर नजर रखी। इस दौरान वाहनों के दस्तावेजों, डिकी और संदिग्ध सामान की जांच की गई।
डीएसपी राकेश कुमार ने रात के समय सफर करने वाले वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने साथ पहचान पत्र, वाहन की वैध आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस जरूर रखें। नाकाबंदी के दौरान पुलिस की जांच में सहयोग करें और अनावश्यक बहस से बचें।