सेनिटाइजर और मास्क की कालाबाजारी रोकने के लिए खाद्य पूर्ति एवं नियंत्रक विभाग का निरीक्षण दूसरे दिन भी जारी रहा। दूसरे दिन 15 मेडिकल स्टोर की जांच की गई और इनमें से 11 पर मास्क का स्टॉक खत्म मिला। वहीं, चार मेडिकल स्टोर पर कम ही स्टॉक टीम को मिला। टीम ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है। दो दिन के निरीक्षण के दौरान सामने आया कि 72 घंटे पहले तक धड़ल्ले से मनमाफिक दाम पर मास्क और सेनिटाइजर बेचने वाले मेडिकल स्टोर संचालक अमर उजाला के स्टिंग के बाद से ही इन्हें बेचने से कतरा रहे हैं।
कोरोना के चलते सेनिटाइजर और मास्क की कालाबाजारी का अंदेशा होने पर सरकार ने इन्हें आवश्यक वस्तु अधिनियम में शामिल किया है। इनकी कालाबाजारी करने वालों को सात साल तक की सजा सुनाने और जुर्माने का प्रावधान किया गया है। पिछले बीस दिनों के अंदर दादरी शहर के मेडिकल स्टोरों पर मिलने वाले मास्क और सेनिटाइजर के रेट काफी बढ़े हैं। गत 15 मार्च को अमर उजाला टीम ने शहर के मेडिकल स्टोरों पर जाकर सेनिटाइजर और मास्क के बढ़े दामों का जायजा लिया तो चौंकाने वाली बात सामने आई। अमर उजाला के पड़ताल पर प्रकाशित करने के बाद जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया। उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने खाद्य पूर्ति एवं नियंत्रक विभाग की टीम को मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण करने के आदेश दिए।
इन आदेशों की पालना करते हुए 16 मार्च को टीम ने नौ मेडिकल स्टोरों की जांच की। इनमें से आठ के पास मास्क और सेनिटाइजर ही नहीं मिले जबकि एक ने मास्क के 15 रुपये मांगे। मंगलवार को भी खाद्य पूर्ति एवं नियंत्रक विभाग की टीम ने कार्रवाई जारी रखी। टीम 15 मेडिकल स्टोरों पर जांच के लिए पहुंची। इस दौरान एक मेडिकल स्टोर बंद मिला जबकि 14 का स्टॉक खंगाला गया। 11 पर मास्क नहीं मिले जबकि तीन पर मास्क और सेनिटाइजर का स्टॉक बहुत कम मिला। निरीक्षक तेजेंद्र और उप निरीक्षक उमेद सिंह ने रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है। इस रिपोर्ट में स्टॉक और स्टोर संचालकों द्वारा मांगे गए दाम का भी जिक्र किया गया है।
इन मेडिकल स्टोर पर की गई जांच
मंगलवार को निरीक्षक तेजेंद्र और उप निरीक्षक उमेद सिंह ओम मेडिकल स्टोर, अनुज मेडिकल स्टोर, अरूण मेडिकल, महादेव मेडिकल स्टोर, सिंगल मेडिकल हॉल, मिश्रा मेडिकोज, बलजीत मेडिकल स्टोर, कविता मेडिकल स्टोर, अनिल मेडिकल स्टोर, गुप्ता मेडिकल हॉल, न्यू गणेश मेडिकल हॉल, श्रीराम मेडिकल हॉल, जय अंबे मेडिकल हॉल, दीपांशु मेडिकल हॉल, सिंगला मेडिकोज पर जांच के लिए पहुंचे।
10 से 15 रुपये बताए मास्क के रेट
टीम को जिन मेडिकल स्टोरों पर मास्क का स्टॉक मिला, उनके संचालकों ने 10 से 15 रुपये मास्क का रेट बताया। एक मेडिकल स्टोर पर 30 पीस मास्क और 40 पीस सेनिटाइजर मिले। दूसरे मेडिकल स्टोर 24 मास्क और 12 पीस सेनिटाइजर के पाए गए। तीसरे मेडिकल स्टोर पर 80 पीस मास्क और एक सेनिटाइजर मिला। चौथे मेडिकल स्टोर पर मास्क का स्टॉक खत्म मिला जबकि सेनिटाइजर का भी एक ही पीस मिला।एक अन्य मेडिकल स्टोर पर सेनिटाइजर के तीन ही पीस मिले।
अमर उजाला की अपील: घबराने की बजाय बरतें सतर्कता
अमर उजाला की अपील है कि कोरोना से लोग भयभीत होने की बजाय सतर्कता बरतें। बाहर से आते ही पहले अपने हाथों को अच्छे से धोएं। जितना हो सकें मुंह को छूने से बचे। हाथ मिलाने की बजाय नमस्ते करें।
हमने मंगलवार को 15 मेडिकल स्टोरों की जांच की। 80 फीसदी के पास मास्क और सेनिटाजइर का स्टॉक नहीं मिला। हमने रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। दोनों आवश्यक वस्तु अधिनियम में शामिल हैं और इनकी कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। -तेजेंद्र सिंह, निरीक्षक, खाद्य पूर्ति एवं नियंत्रक विभाग