चरखी दादरी। जिले पर लगातार छठे दिन भी बारिश का दौर जारी रहा। इसके चलते शहरवासियों को अभी जलभराव से निजात नहीं मिल पाई। पिछले 24 घंटों में शहर में 11 एमएम बारिश दर्ज की गई। जलभराव की स्थिति कायम रहने से सोमवार को शहर में 150 से अधिक दुकानें बंद रही और पानी निकासी की धीमी प्रक्रिया पर दुकानदारों ने रोष भी जताया। वहीं, रोहतक रोड पर पानी निकासी के लिए डाली गई चार इंची पाइप लाइन भी पानी में डूबी नजर आई।
जिले में 28 जुलाई से लगातार बारिश हो रही है। पिछले छह दिनों में करीब 140 एमएम बारिश हो चुकी है। लगातार हो रही बारिश से शहर का सीवर तंत्र फेल हो गया है और शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पानी निकासी करवाना जनस्वास्थ्य और सिंचाई विभाग समेत प्रशासन के लिए चुनौती से कम नहीं है। रविवार को लोगों को आश्वस्त करने पहुंचे एसडीएम विरेंद्र सिंह ने भी पानी निकासी में सहयोग करने की अपील की और कहा कि जलभराव की चुनौती से पार पाने के लिए प्रशासन प्रयासरत्त है। वहीं, रविवार रात और सोमवार सुबह भी बारिश का दौर जारी रहा। बारिश रिकॉर्डर पटवारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि दादरी और बाढड़ा में 11-11 एमएम और बौंदकलां में पांच एमएम बारिश दर्ज की गई।
शहर के 30 फीसदी भाग में जलभराव
इस समय शहर के 30 फीसदी भाग में जलभराव की समस्या बनी हुई है। शहर के बीचोंबीच बना जोहड़ ओवरफ्लो करने के बाद तो स्थिति और खराब हो गई है। अब जनस्वास्थ्य विभाग और प्रशासन का फोकस जोहड़ को खाली करवाने पर है, ताकि बाजार में भरे पानी की जोहड़ में निकासी हो जाएग। इसके लिए चार इंची पाइप लाइन रातोंरात डाली गई थी। सोमवार को हुई बारिश के बाद रोहतक रोड पर डाली गई चार इंची पाइप लाइन भी पानी में डूबी रही। वहीं, जनस्वास्थ्य विभाग के तमाम अधिकारी सोमवार को फील्ड में रहे और अलग-अलग साइटों पर जाकर अपडेट लेते रहे। सूत्रों के अनुसार जिला प्रशासन भी जलभराव से संबंधित अपडेट लगातार विभागीय अधिकारियों से ले रहा है।
दूषित और बदबूदार पानी भरने से लोगों ने नहीं खोली दुकान
नगर व्यापार मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र सिंह गुप्ता ने बताया कि बाजारों और गलियों जी मार्केट में स्थित दुकानों के सामने दूषित पानी भरा हुआ है। ऐसे में यहां माहौल दुर्गंधमय बना हुआ है और बीमारियां फैलने का अंदेशा है। उन्होंने कहा कि जलभराव और दुर्गंधमय माहौल के कारण सोमवार को 150 से अधिक लोगों ने अपनी दुकानें नहीं खोलीं।
यहां अब भी हालात है विकट
सोमवार तक आंबेडकर चौक से पुरानी सब्जी मंडी रोड, लाला लाजपतराय चौक से पुरानी अनाज मंडी रोड, शहीद भगत सिंह मार्केट, नप कार्यालय के पीछे, रोहतक रोड, परशुराम चौक, रेस्ट हाउस रोड, काठमंडी रोड, शनि मंदिर वाली गली, रविदास नगर समेत दस से अधिक जगहों पर जलभराव होने से हालात विकट बने हुए हैं।
पिछले छह दिनों में ये रही है बारिश की स्थिति
तारीख बारिश
28 जुलाई 50 एमएम
29 जुलाई 8 एमएम
30 जुलाई 47 एमएम
31 जुलाइ 20 एमएम
एक अगस्त 7 एमएम
दो अगस्त 11 एमएम
वर्जन
पानी निकासी के लिए विभाग हरसंभव प्रयास कर रहा है। इसके लिए हमारी टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही लोगों को समस्या से निजात दिला दी जाएगी।
रोहित कुमार, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग
हाथ में जूतियां उठाकर रेस्ट हाउस पहुंचने के लिए पानी से गुजरते लोग।- फोटो : CharkhiDadri