- नगर परिषद कार्यालय में चार तो खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालयों में 8 शिकायतें रखी गईं लंबित, योजनाबद्ध तरीके से होगा निस्तारण
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। नगर परिषद और खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी के कार्यालयों में सोमवार को समाधान शिविर लगाए गए। शिविर में अधिकारियों के पास कुल 13 शिकायतें पहुंचीं। इनमें से एक का मौके पर ही निस्तारण हो गया जबकि 12 शिकायतें समाधान के लिए लंबित रखी गई हैं। लंबित शिकायतों में नगर परिषद की चार और पंचायत विभाग की 8 शिकायतें शामिल हैं।
सोमवार को नगर आयुक्त एवं अतिरिक्त उपायुक्त विश्वजीत चौधरी के मार्गदर्शन में नगर परिषद कार्यालय में समाधान शिविर लगाया गया। ईओ राजेश वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 5 फरियादी पहुंचे। शिविर में नगर परिषद के चेयरमैन बक्शीराम सैनी भी उपस्थित रहे। शिविर में प्रॉपर्टी आईडी व सफाई व्यवस्था से संबंधित मिलीं पांच शिकायतों में से एक का मौके ही पर निदान कर दिया गया। चार शिकायतें लंबित रखी गईं।
दूसरी ओर जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी प्रदीप कौशिक के मार्गदर्शन में दादरी, बौंदकलां, झोझूकलां व बाढड़ा खंड कार्यालय में भी समाधान शिविर का आयोजन किया गया। समाधान शिविर में बाढड़ा खंड कार्यालय में 6 और दादरी खंड कार्यालय में 2 समस्याएं अधिकारियों के समक्ष आईं। इनका जल्द से जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया गया।
फोटो 15
नगर परिषद कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर में फरियादी की समस्या सुनते ईओ राजेश वर्मा। स्रोत : जनसंपर्क विभाग