- स्कूलों, ग्राम सचिवालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता के इंतजाम परखे जा रहे
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। स्वच्छ भारत मिशन फेज-2 के तहत ओडीएफ प्लस (खुले में शाैचमुक्त) गांवों के सत्यापन का कार्य शुरू हो गया है। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान नीलोखेड़ी के विशेषज्ञ 715 पंचायतों में चयनित गांवों की जांच में जुटे हुए हैं। यह सत्यापन कार्य 30 सितंबर तक पूरा करना है।
प्रत्येक ब्लाॅक में 5-5 ग्राम पंचायतों को सत्यापन के लिए चुना गया है। संस्थान की टीमों की ओर से चयनित गांवों के स्कूलों, ग्राम सचिवालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता व्यवस्था देखी जाएगी। ठोस कचरा प्रबंधन और तरल कचरा प्रबंधन सहित अन्य स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण होगा। टीम यह जांच करेगी कि संबंधित गांव खुले में शौचमुक्त हैं या नहीं। साथ ही ओडीएफ प्लस के निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं या नहीं। जिन पंचायतों को मॉडल ओडीएफ प्लस घोषित किया गया है, वहां स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। सरकार द्वारा जारी नए ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 को भी सभी ग्राम पंचायतों में जल्द लागू किया जाएगा। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान नीलोखेड़ी के निदेशक डाॅ. वीरेंद्र सिंह चाैहान ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग ने चिह्नित ग्राम पंचायतों की सूची साैंपी है और उन्हीं पंचायतों में टीम पहुंचकर सत्यापन का कार्य कर रही हैं। गांवों में स्वच्छता के निर्धारित मानकों को परखा जा रहा है।