हरियाणा कांग्रेस आज प्रदेश के सभी जिलों में ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विरोध मार्च निकालेगी। जिला कांग्रेस कमेटियों को मुख्यालयों पर कार्यकर्ताओं को जुटाकर कलेक्टर कार्यालय तक मार्च निकालने और ज्ञापन सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र की ओर से रविवार को 22 जिलों में प्रदर्शन के लिए वरिष्ठ नेताओं की जिलेवार जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं। कांग्रेस ने 24 सितंबर को देशभर में जिला स्तर पर ऐसे प्रदर्शन का आह्वान किया था।
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने बताया कि प्रदर्शन में निर्वाचन प्रक्रिया में अनियमितताओं, मतदाता सूचियों में बदलाव और एसआईआर से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। पलवल में प्रभारी संजय दत्त, गुरुग्राम में प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, रोहतक में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अंबाला में राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला, पंचकूला में सांसद दीपेंद्र हुड्डा और पानीपत में पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह नेतृत्व करेंगे।
इसी तरह महेंद्रगढ़ में धर्मपाल मलिक, सोनीपत में अशोक तंवर, फरीदाबाद में उदयभान, यमुनानगर में जयप्रकाश, कुरुक्षेत्र में वरुण चौधरी, जींद में सतपाल ब्रह्मचारी, रेवाड़ी में जितेंद्र बघेल, झज्जर में रघुवीर सिंह कादियान, चरखी दादरी में अशोक अरोड़ा, बहादुरगढ़ क्षेत्र में गीता भुक्कल, नूंह में आफताब अहमद, सिरसा में भरत सिंह बेनीवाल, फतेहाबाद में बलवान सिंह, हिसार में चंद्र प्रकाश, करनाल में राव दान सिंह और भिवानी में शिव शंकर भारद्वाज जिम्मेदारी संभालेंगे।
कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगें
- मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार तत्काल इस्तीफा दें।
- वोट चोरी और एसआईआर के जरिये चुनावी हेरफेर के लिए ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी हो और जवाबदेही तय की जाए।
- एसआईआर से किसी भी पात्र मतदाता को उसके संवैधानिक मताधिकार से वंचित करने की कार्रवाई रोकी जाए और जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई हो।