-गोशालाओं में बेसहारा पशु छोड़ने की निगरानी के लिए कमेटी गठित होगी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेश में बार-बार बेसहारा पशुओं को छोड़ने वाले चिह्नित किए जाएंगे। अब ऐसे लोगों के खिलाफ सरकार सख्ती करेगी। सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं या नंदी शालाओं में छोड़ा जाएगा। इस कार्य की निगरानी के लिए राज्यस्तरीय कमेटी का गठन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बेसहारा गोवंश प्रबंधन की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिए कि जो भी गोवंश पकड़कर गोशालाओं या नंदी शालाओं में छोड़े जाएं, उनकी टैगिंग की जाए। लोगों को बेसहारा पशु सड़कों पर न छोड़ने के लिए जागरूक किया। इसके बाद भी कोई ऐसा बार-बार कर रहा है तो उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो। शहरी क्षेत्रों से पूरी तरह से बेसहारा पशुओं को मुक्त करने के भी आदेश दिए हैं। राज्यस्तरीय कमेटी में गोसेवा आयोग के चेयरमैन, शहरी स्थानीय निकाय, पंचायत विभाग, पशुपालन विभाग और संबंधित गोशालाओं के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा।