अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। फरीदाबाद में तीसरा सूरजकुंड दिवाली मेला 23 से 26 अक्तूबर तक आयोजित होगा। सूफी गायक कंवर ग्रेवाल की प्रस्तुतियां मेले का विशेष आकर्षण रहेंगी। यह मेला दिवाली की खुशियों के साथ भारतीय कला-संस्कृति, हस्तशिल्प, लोक संगीत और पारंपरिक व्यंजनों का संगम बनेगा। लगभग 300 स्टॉलों के माध्यम से देश के कारीगरों और शिल्पकारों की प्रतिभा प्रदर्शित की जाएगी। हरियाणा पर्यटन विभाग मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। चार दिवसीय इस मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे। मेले के समापन समारोह में 26 अक्तूबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि होंगे।
उद्घाटन अवसर पर विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा भी उपस्थित रहेंगे। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सूरजकुंड दिवाली मेला भारत की सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक कलाओं को सम्मान देने का महत्वपूर्ण मंच है। मेले में हस्तशिल्प, हथकरघा और पारंपरिक कलाकृतियों की विविधता देखने को मिलेगी। पर्यटक विभिन्न क्षेत्रों के शिल्प उत्पादों को देख व खरीद सकेंगे। लोक कलाकारों एवं पारंपरिक नृत्य दलों की प्रस्तुतियां भी होंगी। विशाल फूड कोर्ट में पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकेगा।