- 3 अगस्त तक ऑनलाइन काउंसलिंग, अस्थायी तैनाती के लिए पसंदीदा स्कूल चुनने का मौका
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। विद्यालय शिक्षा विभाग ने नए चयनित मेवात कैडर के प्राथमिक (पीआरटी/जेबीटी) शिक्षकों के लिए ऑनलाइन स्कूल विकल्प भरने का कार्यक्रम जारी किया है। शिक्षक 3 अगस्त शाम 5 बजे तक विभाग के काउंसलिंग पोर्टल पर अपनी पसंद के स्कूलों का चयन कर सकेंगे।
विभाग के अनुसार केवल पात्र शिक्षक ही अस्थायी तैनाती के लिए विकल्प भर सकेंगे। अपनी पसंद के स्कूलों को प्राथमिकता क्रम में चुनकर विकल्प की जानकारी देनी होगी। यदि कोई शिक्षक तैनाती स्वीकार नहीं करना चाहता है तो उसे कारण सहित अपनी अनिच्छा दर्ज करनी होगी। विभाग ने स्कूल का नाम, खंड और जिला देखकर ही विकल्प भरने की सलाह दी है।
कम संख्या में स्कूलों का विकल्प भरने पर इच्छित स्कूल नहीं मिला तो ऐसे मामलों में शिक्षक की तैनाती कहीं भी श्रेणी के तहत की जा सकती है। इसलिए विकल्प के रूप में पर्याप्त संख्या में स्कूलों का चयन करने की सलाह दी गई है। ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से मिलने वाली तैनाती पूरी तरह अस्थायी होगी। बाद में शिक्षकों को विभाग की शिक्षक स्थानांतरण नीति के तहत होने वाले सामान्य ऑनलाइन स्थानांतरण अभियान में स्थायी तैनाती के लिए आवेदन करना होगा। साथ ही सभी शिक्षकों को अपनी वर्तमान वैवाहिक स्थिति भी अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।