- 980 करोड़ से बदलेगा पुलिस का पूरा ढांचा
- 237 निर्माण परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, साइबर अपराध से निपटने के लिए नई तकनीक और 5 हजार जवानों की भर्ती की तैयारी, 30 फीसदी पद रिक्त
अमर उजाला ब्यूरो
हरियाणा पुलिस के आधुनिकीकरण और आधारभूत ढांचे के विकास पर करीब 980 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस बजट से राज्यभर में 237 निर्माण परियोजनाओं को गति मिलेगी। पुलिस लाइन, पुलिस आवास, कम्युनिटी सेंटर और अन्य भवनों का निर्माण व उन्नयन किया जाएगा। इसके लिए विजन-2030 और विज़न-2047 का रोडमैप तैयार किया गया है जिसकी मुख्यमंत्री नियमित समीक्षा कर रहे हैं। एआई सेल से पुलिस को हाईटेक बनाने के साथ ही 5 हजार जवानों की भर्ती की तैयारी चल रही है। वर्तमान में 30 फीसदी पद रिक्त हैं।
पुलिस हेडक्वॉर्टर में मंगलवार को डीजीपी अजय सिंघल ने हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन (एचपीएचसी) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का अतिरिक्त कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों को यह जानकारी दी। डीजीपी ने बताया कि अपराध से निपटने के लिए हरियाणा पुलिस में समर्पित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सेल बनाया जा रहा है। फिलहाल एआई आधारित जांच, डाटा संग्रह, विश्लेषण और पुलिसकर्मियों की क्षमता बढ़ाने पर काम चल रहा है। इससे साइबर अपराधों की रोकथाम और जांच पहले से अधिक प्रभावी होगी। एक लाख रुपये से अधिक के साइबर फ्रॉड की हर साल करीब 5 हजार शिकायतें मिलती हैं। वहीं ई-जीरो एफआईआर व्यवस्था शुरू होने के बाद अब तक 28 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
डीजीपी के मुताबिक पुलिस आधुनिकीकरण के लिए करीब साढ़े सात साै करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा गृह मंत्रालय की एएसयूएमपी योजना के तहत 120 करोड़ रुपये से फोरेंसिक साइंस लैब, साइबर लैब, आधुनिक संचार प्रणाली और अत्याधुनिक उपकरण विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा निर्भया फंड से महिला सुरक्षा के लिए 100 से 200 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है। इस राशि से पिंक पीसीआर, वर्किंग वुमन पोर्टल और अन्य योजनाएं शुरू होंगी।
डीजीपी ने कहा कि 22 वांछित अपराधियों को विदेशों से वापस लाया जा चुका है और 6-7 अन्य के प्रत्यर्पण प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही 5 हजार नए पुलिसकर्मियों की भर्ती, अग्निवीरों को अवसर, 7 नए महिला पुलिस थाने, 150 नए इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल्स, अत्याधुनिक एटीएस, नूंह में इंडियन रिजर्व बटालियन की स्थापना और पुलिस वेलफेयर योजनाओं पर भी तेजी से काम किया जाएगा।