नए पोर्टल में आ रही तकनीकी दिक्कतों को दूर करने समेत कई मांगें उठाईं
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। राजस्व विभाग के नए पोर्टल में आ रही तकनीकी समस्याओं व डिजिटल फसल सर्वेक्षण की खामियों के विरोध में राजस्व पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन ने 20 व 21 अगस्त को दो दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन करने का फैसला लिया है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि 21 अगस्त तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो यह सांकेतिक धरना अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल जाएगा।
दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के राज्य प्रधान जयबीर चहल और महासचिव सन्नी दहिया ने बताया कि वित्तायुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग को पत्र लिखकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया है। जमाबंदी और इंतकाल के लिए बनाए गए नए पोर्टल में पिछले चार महीनों से रिकॉर्ड संबंधी अनियमितताएं और तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। इन समस्याओं के कारण राजस्व कर्मचारियों की परेशानी के साथ-साथ आमजन भी तहसीलों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। राजस्व विभाग में ई-गिरदावरी के साथ-साथ डिजिटल फसल सर्वेक्षण भी करवाया जाना है। इस सर्वेक्षण के लिए कर्मचारियों को टैब उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। सर्वेक्षण के लिए 20 मीटर की रेंज फोटो के लिए तय की गई है जो पूरी तरह अव्यावहारिक है। एसोसिएशन की मांगों में नए पोर्टल की सभी समस्याओं का 21 अगस्त तक समाधान करना, ऑटो म्यूटेशन में गलत इंतकाल दर्ज होने पर आईटी विभाग की कानूनी जिम्मेदारी सुनिश्चित करना, तहसीलों में ऑनलाइन कार्य के लिए कंप्यूटर सिस्टम व सर्वेक्षण के लिए टैब उपलब्ध कराना, डिजिटल फसल सर्वेक्षण को निजी एजेंसी से कराना आदि शामिल हैं।