बिजली की बढ़ी दरों को तुरंत वापस लें सरकार : दीपेंद्र हुड्डा
अभय बोले-सरकार ने बिजली दरों में बढ़ोतरी कर जनता को किया बेहाल
चंडीगढ़। बिजली के स्लैब में बदलाव से बिल में बढ़ोतरी पर विपक्ष ने सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हुड्डा सरकार के कार्यकाल में बिल माफी योजना का जिक्र करके सरकार से बिल कम करने की मांग की है। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जो सरकार प्रदेश की जनता को बिजली और पानी जैसी मूल सुविधाएं नहीं दे सकती उन्हें सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है।कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 11 वर्षों में जब बिजली का कोई नया प्लांट लगाया नहीं तो बिजली की दरें क्यों बढ़ा रही है? सरकार ने बिजली के दाम बढ़ाकर और फिक्स चार्ज में भी 75 रुपये प्रति किलो वाट की वृद्धि करके बिजली बिल को चार से पांच गुना तक बढ़ा दिया। विभिन्न कैटेगरी के लिए बनाए गए स्लैब में भी चुपचाप बदलाव कर दिया गया। प्रदेश में तकरीबन 81 लाख उपभोक्ता सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं।
हुड्डा ने कहा कि कि कांग्रेस सरकार ने किसानों के 1600 करोड़ के बिजली के बिल माफ किए थे और पूरे देश में सबसे सस्ती बिजली हरियाणा में मिलती थी। वहीं, अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोगों से मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, लेकिन प्रदेश की भोली-भाली जनता अब खुद को ठगा हुआ पा रही है। गर्मी के सीजन में बिजली के कट से भी जनता परेशान है।
-
उद्योग पलायन करने लगेंगे : कुमारी सैलजा
सिरसा। कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में बिजली चार गुना महंगी हो गई है। नई दरें और निर्धारित चार्ज प्रदेश की जनता, विशेषकर छोटे और मध्यम उद्योगों के लिए विनाशकारी सिद्ध होंगी। बिजली महंगी होने से हरियाणा से उद्यमी पलायन करने लगेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब 10 किलोवाट से अधिक लोड लेने वाले उपभोक्ताओं पर 250 प्रति किलोवाट प्रति माह का निर्धारित चार्ज लगा दिया है। इसका सीधा असर प्रदेश के हजारों छोटे उद्योगों पर पड़ेगा, जिनके पास आमतौर पर 20 से 100 किलोवाट तक का लोड होता है।