फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

HSGMC Election: झींडा गुट का दबदबा, बलजीत दादूवाल हारे... निर्दलीयों के समर्थन से बनेगी पहली निर्वाचित कमेटी

Mon, 20 Jan 2025 08:32 AM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी चुनाव के लिए हरियाणा के सभी 22 जिलों को 40 वार्डों में बांटा गया था। ईवीएम के माध्यम से चुनाव में 164 प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया था। कुल 164 उम्मीदवारों में से सात महिला उम्मीदवार और 157 पुरुष उम्मीदवारों ने चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई। देर शाम तक सभी सीटों का परिणाम जारी किया गया।
विज्ञापन
हरियाणा सिख पंथक दल के प्रदेश प्रभारी बलदेव सिंह कायमपुर ने 247 मतों से चुनाव जीता - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा में पहली बार हुए हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीएमसी) के चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए हैं। चुनाव में सरदार जगदीश सिंह झींडा गुट और निर्दलीय उम्मीदवारों का दबदबा रहा। पंथक दलों की बात करें तो सबसे अधिक झींडा गुट के 11 सदस्यों ने जीत दर्ज की, जबकि 22 निर्दलीयों ने पंथक दलों के प्रत्याशियों को परास्त किया। 

विज्ञापन


चुनाव की खास बात ये रही कि वर्तमान में एडहॉक कमेटी के धर्म प्रचार कमेटी की कमान संभाल रहे सिख नेता संत बलजीत सिंह दादूवाल खुद ही चुनाव हार गए। वार्ड 35 कालांवाली से उनको 1771 वोटों से करारी हार का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा कालांवाली में 90 प्रतिशत और कैथल में सबसे कम 56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

सरदार दीदार सिंह नलवी वार्ड 13 शाहाबाद से चुनाव जीत गए हैं, लेकिन उनकी जीत का अंतर 200 रहा। सिख नेता बलदेव सिंह कायमपुरी खुद चुनावी मैदान में नहीं थे, लेकिन उनके गुट के 4 सदस्यों ने जीत दर्ज की है। हरियाणा सिख एकता दल ने सात उम्मीदवारों को अपना समर्थन दिया था, जिसमें से 3 जीते हैं। इसके अलावा सिख समाज संस्था के दो उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है।

विज्ञापन

चार नेताओं की प्रतिष्ठा लगी थी दांव पर

एचएसजीपीसी के चुनाव में चार प्रमुख सिख नेताओं बलजीत सिंह दादूवाल, जगदीश सिंह झींडा, बलदेव सिंह कैमपुरा और दीदार सिंह नलवी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। बलजीत सिंह दादूवाल की टीम ने शिरोमणि अकाली दल (हरियाणा) आजाद के बैनर तले चुनाव लड़ा, जगदीश सिंह झींडा ने पंथक दल (झींडा) के बैनर तले, बलदेव सिंह कैमपुरा की टीम ने हरियाणा सिख पंथक दल और दीदार सिंह नलवी के उम्मीदवार सिख समाज संस्था के प्रत्याशियों के रूप में ताल ठोकी थी।

49 सदस्यों में चुनी जाएगी कमेटी

40 सदस्यों के चुनाव के बाद सरकार की ओर नौ और सदस्यों को मनोनीत किया जाएगा। कुल 49 सदस्यों को चुनाव आयुक्त हरियाणा गुरुद्वारा की ओर से शपथ दिलाई जाएगी और यह कमेटी अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष और महासचिव समेत विभिन्न पदाधिकारियों का चयन करेगी।
विज्ञापन

पहले करेंगे बैठक, फिर लेंगे अगला फैसला : बलदेव कैमपुरा

हरियाणा सिख पंथक दल की अगुवाई कर रहे बलदेव सिंह कैमपुरा ने दावा किया कि उनके सीधे व समर्थन प्राप्त कुल 18 प्रत्याशी विजयी रहे हैं। कई वार्डों की स्थिति देर रात तक स्पष्ट नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी जीत संगत का फैसला है और वे इस पर आभार व्यक्त करते हैं। संगत ने यह फैसला गुरुघरों के बेहतर संचालन व धर्म की लहर के लिए दिया है। यह धार्मिक संस्था का चुनाव है, जिसमें किसी को भी राजनीति नहीं करनी चाहिए। अब वे जल्द अपने समर्थन के जीते सभी प्रत्याशियों व संगठन के पदाधिकारियों व संबंधित लोगों से बैठक कर अगला कदम उठाएंगे। उन्होंने झींडा गुट के साथ समर्थन करने को लेकर कहा कि किसी भी संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता।

झींडा बोले- 25 जनवरी तक नई कमेटी बनने की संभावना

जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि वर्तमान कमेटी से संगत बेहद दुखी थी और यह मतदान कर दिखा भी दिया है। दादूवाल महज दो से तीन वार्ड तक सिमट गए हैं तो वहीं हमारे ग्रुप को बड़े स्तर पर जीत मिली है, जिसके लिए वे पूरी संगत का आभार जताते हैं। अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कुल कितने प्रत्याशी उनके सीधे व समर्थन में जीते हैं लेकिन सभी के साथ बैठक कर अगले कदम पर चर्चा करेंगे। उम्मीद है कि 25 जनवरी तक नई कमेटी सिख संस्थानों व संगत को मिल जाएगी।

एचएसजीपीसी की नई कमेटी एकता और सद्भाव बढ़ाएगी : सीएम

हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव लड़ने वाले सभी प्रत्याशियों को मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई कमेटी धार्मिक कार्यों और सामाजिक कार्यों को मजबूती प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ाएगी। नई कमेटी समाज में एकता और सद्भाव को भी मजबूत करेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें