मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 47 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई
चंडीगढ़। हरियाणा में बुधवार को भी मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में पूरे राज्य में 31.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जो सामान्य से 821 फीसदी अधिक है। राज्य में मानसून सीजन में अब तक 529 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है जो सामान्य 367 एमएम के मुकाबले 47 फीसदी ज्यादा है। मौसम विभाग ने 4 सितंबर को भी राज्य के एक-दो इलाकों में भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर हरियाणा के जिलों में राहत रहेगी जबकि चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में अंबाला में 111 एमएम, पंचकूला में 133 एमएम, पानीपत में 83 एमएम, रेवाड़ी में 80 एमएम, नारनौल में 35 एमएम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 5 से 8 सितंबर तक मानसून कमजोर रहेगा। उसके बाद 9 सितंबर से बारिश की संभावना फिर से बढ़ेगी। ब्यूरो