हरियाणा में खाद की कालाबाजारी को रोकने के लिए कृषि एवं कल्याण विभाग की कार्रवाई शुरू हो गई है। प्रदेश में 20 या 20 से अधिक खाद के कट्टे खरीदने वालों का सत्यापन शुरू हो गया है।
हरियाणा कृषि एवं कल्याण विभाग के निदेशक के आदेश के बाद प्रत्येक जिले के उप कृषि निदेशक की तरफ से सत्यापन का कार्य शुरू कर दिया गया है। हरियाणा में अभी तक 809563 मीट्रिक टन खाद का उपभोग हो चुका है।
हरियाणा में कृषि एवं कल्याण विभाग को खाद की कालाबाजारी की आशंका है। इसलिए हिसार में देर रात सीएम फ्लाइंग की छापेमारी हुई थी। इसके साथ ही निगरानी के लिए 14 टीमों का गठन हो चुका है। कृषि एवं कल्याण विभाग के उप कृषि निदेशकों को यह भी आदेश दिए हैं की 20 या 30 या 50 से अधिक कट्टे खरीदने वालों की जांच की जाए।
उप निदेशकों ने टीमों का गठन करके शुरू कराया सत्यापन
प्रदेश में खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए सत्यापन के कार्यवाही प्रत्येक जिले में शुरू हो गई है। कृषि विभाग के उप निदेशकों ने दो-दो से लेकर चार-चार कर्मचारियों तक की टीमों का गठन किया है। यह टीम 20-30 या 50 कट्टे खरीदने वालों से पूछताछ करेंगी। संबंधित किसानों से पूछा जाएगा कि आपके पास कुल कितनी जमीन है, कुल कितनी जमीन ठेके पर ले रखी है। इसके साक्ष्य भी देने पड़ेंगे। इसके अलावा कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दो से तीन कट्टा प्रत्येक एकड़ यूरिया की खपत होती है। यदि खपत से अधिक कट्टे खरीदे हैं, उन्हें चिन्हित करके विभाग के पास रिपोर्ट भेजी जाएगी।