- कहा - छह महीने से डाइट मनी नहीं मिली, 355 कोच के पद खाली
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश सरकार पर खिलाड़ियों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि खेल नर्सरी और खिलाड़ियों के उत्थान के नाम पर केवल बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति बेहद चिंताजनक है। सरकार की लापरवाही और खोखले दावों ने युवा खिलाड़ियों के भविष्य को अंधकारमय बना दिया है।
अभय चौटाला ने कहा कि सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट मनी बढ़ाने का प्रचार किया लेकिन पिछले लगभग छह महीने से खिलाड़ियों को डाइट मनी नहीं मिली है। खेल विभाग में 355 प्रशिक्षकों के पद खाली पड़े हैं जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है। कार्यरत कोचों के मानदेय में बढ़ोतरी की फाइलें भी लंबित हैं। खेल नर्सरियों में बुनियादी खेल सामग्री तक उपलब्ध नहीं है।
चौटाला ने सरकार से खिलाड़ियों की लंबित डाइट मनी तुरंत जारी करने, खाली कोच के पदों पर भर्ती करने, खेल नर्सरियों में सुविधाएं उपलब्ध कराने और अनियमितताओं की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की।