भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा की कमजोरी के चलते हरियाणा का हक कमजोर हुआ है। नई विधानसभा के लिए चंडीगढ़ में जमीन का प्रस्ताव ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है, जिस पर सरकार की चुप्पी उसकी नाकामी दिखाती है।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में वोट चोरी की सरकार चल रही है और इसके आरोप अब लगातार साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार न तो चुनावी वादे पूरे कर रही है और न ही बजट घोषणाओं को जमीन पर उतार पा रही है। उल्टा जनता पर लगातार आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
विज्ञापन
चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि फैमिली आईडी आम लोगों के लिए सिरदर्द बन चुकी है। बुजुर्गों की पेंशन काटी जा रही है और लाखों गरीबों के राशन कार्ड खत्म कर दिए गए। विधानसभा चुनाव के समय बनाए गए राशन कार्ड बाद में काट देना भाजपा का वोट चोरी का तरीका है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा उठाए गए फर्जी वोटरों के मुद्दे का समर्थन करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग भी इन सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
चंडीगढ़ पर अधिकार के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि भाजपा की कमजोरी के चलते हरियाणा का हक कमजोर हुआ है। नई विधानसभा के लिए चंडीगढ़ में जमीन का प्रस्ताव ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है, जिस पर सरकार की चुप्पी उसकी नाकामी दिखाती है। एसवाईएल मुद्दे पर भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद सरकार केंद्र से बात तक नहीं कर पाई।
विज्ञापन
हुड्डा ने कहा कि जमीन आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है। ईडीसी चार्ज बढ़ाकर सरकार ने लोगों के जख्मों पर नमक छिड़क दिया है। पिछले 11 वर्षों में एक भी नया सेक्टर विकसित नहीं हुआ। उद्योग पलायन कर रहे हैं, बेरोजगारी बढ़ रही है और बिजली महंगी होने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार की नीतियों से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है।