अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में कार्यरत महिला बहुउद्देशीय कर्मचारियों (एमपीएचडब्ल्यू) ने बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन के बैनर तले अपनी लंबित मांगों के लिए सोमवार को मिशन निदेशक कार्यालय पर उपवास व प्रदर्शन किया। इस दौरान मिशन निदेशक कार्यालय से एडमिन डायरेक्टर डॉ. जितेंद्र ने धरनास्थल पर पहुंचकर ज्ञापन लिया और आश्वास्त किया कि पांच फरवरी को मिशन निदेशक से उनकी वार्ता करवाई जाएगी। साथ ही मांगों व समस्याओं का सकारात्मक ढंग से निस्तारण करवाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
एसोसिएशन की राज्य प्रधान शर्मिला देवी, महासचिव सहदेव आर्य एवं प्रवक्ता संदीप कुंडू ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में कार्यरत महिला कर्मचारी कई मांगों एवं कैडर की अनेक समस्याओं को लेकर संघर्षरत है। राज्य प्रेस सचिव संदीप कुंडू के मुताबिक उनकी प्रमुख मांगों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में कार्यरत महिला एमपीएचडब्ल्यू को विभिन्न एलाउंस का लाभ देना, हर महीने के दूसरे रविवार को अर्बन एरिया में टीकाकरण कैंप पर रोक लगाने, ऑनलाइन स्वास्थ्य पोर्टलों के संचालन के लिए नाजायज दबाव खत्म करने, एनएचएम में कार्यरत महिला एमपीएचडब्ल्यू को समय पर वेतन देना आदि शामिल हैं।