फर्जी ट्रैवल एजेटों का गिरोह विदेश तक फैला हुआ है। इस नेक्सेस को तोड़ना हरियाणा पुलिस ही नहीं, बल्कि भारत सरकार तक के लिए बड़ी चुनौती है। युवाओं को बहलाकर डंकी रूट से विदेश जाने को प्रेरित करने के लिए कई झूठे उदाहरण पेश करने वाले युवाओं को कमीशन पर रखा गया है।
ज्यादा पैसा देने पर ये एजेंट डंकी रूट से विदेश पहुंचाने के अगले ही दिन काम भी दिलाने की गारंटी देते हैं। इसके लिए इन फर्जी एजेंटों ने विदेश में पिज्जा-बर्गर के छोटे दुकानदारों, होटल व अन्य कारोबारियों के साथ संपर्क स्थापित कर रखे हैं। ये लोग विदेश में बैठे ट्रैवल एजेंटों को कमीशन देकर पूरी मदद लेते हैं। यह खुलासा केंद्रीय एजेंसियों और हरियाणा पुलिस की जांच में हुआ है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक हरियाणा के युवाओं को विदेश में डॉलर कमाने का सपना दिखाकर लुभाने के लिए कमीशन पर एजेंट रखे जाते हैं। प्रति युवक के हिसाब से एजेटों का कमीशन तय होता है। इन एजेंटों के निशाने पर बिना हुनर वाले भविष्य में भटके मगर पैसे कमाने के जुनूनी युवा होते हैं। खुफिया विभाग के मुताबिक हरियाणा पुलिस भी साक्ष्यों सहित पूरी रिपोर्ट बनाने में लगी है। हालांकि, कोई भी अधिकारी गोपनीय कार्रवाई सिरे चढ़ने तक अधिकारिक बयान देने से बच रहा है।
एसआईटी की सख्ती के बीच फर्जी एजेंटों की बढ़ती संख्या
प्रदेश में 17 अप्रैल 2023 को तत्कालीन गृह मंत्री अनिल विज के निर्देश पर फर्जी ट्रैवल एजेंटों पर शिकंजा कसने के लिए एसआईटी गठित की गई थी। विज ने विधानसभा में कहा था कि ये फर्जी ट्रैवल एजेंट युवाओं को बहलाकर डंकी रूट से विदेश भेज रहे हैं। एसआईटी गठन से 10 फरवरी 2025 तक कुल 1493 केस दर्ज कर 1222 फर्जी ट्रैवल एजेंटों की गिरफ्तारी हुई है। इन फर्जी एजेटों से कुल 24 करोड़, 44 लाख रुपयों की रिकवरी की गई। बावजूद इसके फर्जी एजेटों की संख्या में पहले से मुकाबले वृद्धि हुई है।
विधानसभा सत्र में आ सकता है नया बिल
प्रदेश में किसी ट्रैवल एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई करती है। इसके बाद जमानत पर जेल से बाहर आकर आरोपी एजेंट नाम बदलकर फिर से अवैध दुकान चलाने लगता है। इसी कारण से फर्जी ट्रैवल एजेंटों पर शिकंजा नहीं कसा जा पा रहा। इसलिए सरकार आगामी विधानसभा सत्र में फर्जी ट्रैवल एजेंटों पर कार्रवाई के लिए नया बिल ला सकती है। एसआईटी इस नए अधिनियम के तहत अपना एक्शन प्लान तैयार करने में लगी हुई है।