अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (पीजीटी) को स्थाई करने के निर्देश जारी किए हैं। निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर पीजीटी (प्रवक्ता) के स्थायीकरण के लिए जरूरी जानकारी समय पर भेजने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, भर्ती होने के तीन साल बाद एक अगस्त 2023 को जारी अधिसूचना के तहत तकरीबन चार हजार पीजीटी को स्थाई किया गया था। इस दौरान करीब 100 प्रवक्ताओं को स्थाई नहीं किया गया था क्योंकि इनमें 27 प्रवक्ता नियमावली 7 व 8 के तहत चार्जशीट हुए थे। इसके साथ कुछ अन्य प्रवक्ताओं की दूसरे विभागों या डेपुटेशन पर चंडीगढ़ में तैनाती थी।
अब विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन प्रवक्ताओं के नाम उस समय जारी आदेश में शामिल नहीं थे उनकी जानकारी निर्धारित प्रोफार्मा के अनुसार भेजना अनिवार्य है। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को बुधवार 24 सितंबर तक संबंधित प्रवक्ताओं का विवरण भेजने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य प्रधान हसला सतपाल सिन्धु के मुताबिक दो वर्ष पूर्व शिक्षा विभाग द्वारा पीजीटी के स्थायीकरण की सूची जारी की गई थी। वित्त विभाग के नए नियमों के अनुसार अब जो भी कर्मचारी दो वर्ष का प्रोबेशन काल पूरा कर चुका है उसे स्थाई किया जाना अनिवार्य है। शिक्षा विभाग से यह अपेक्षा है कि वह शेष बचे हुए सभी पीजीटी का स्थायीकरण जल्द करे।