पंचकूला के सरकारी स्कूल में छह वर्षीय बच्ची पर आठ वर्षीय बच्चे के हमले के मामले में हरियाणा सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बच्ची की कक्षा इंचार्ज सिमरनजीत और हमला करने वाले बच्चे की कक्षा इंचार्ज पूजा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के निर्देश पर घटना की जांच के लिए दो कमेटियां गठित की गई हैं।
शिक्षा विभाग की तीन सदस्यीय कमेटी 24 घंटे में और जिला प्रशासन की पांच सदस्यीय कमेटी सात दिन में रिपोर्ट सौंपेगी। जांच में स्कूल स्टाफ की जिम्मेदारी तय करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की भी पड़ताल होगी। सरकार पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन बच्ची के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी। परिवार की सहायता के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी भी नियुक्त किया गया है।
मौलिक शिक्षा निदेशक मनिता मलिक के आदेश पर दोनों अध्यापिकाओं को निलंबित किया गया है। वहीं, माध्यमिक शिक्षा की प्रधानाचार्य होने के नाते उनके खिलाफ जांच और कार्रवाई के लिए निदेशक जितेंद्र दहिया को पत्र भेजा गया है।
बाल संरक्षण आयोग ने भी मांगी रिपोर्ट, बच्ची की हालत खतरे से बाहर
हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने स्वत: संज्ञान लेकर पंचकूला के जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी किया है। आयोग ने 28 अक्तूबर की घटना की परिस्थितियों, स्कूल में निगरानी व्यवस्था, तत्काल उठाए गए कदमों, सीसीटीवी फुटेज और ड्यूटी रोस्टर का ब्योरा मांगा है। आयोग की अध्यक्ष त्रिप्ति हरिपाल श्योराण ने शनिवार को पीजीआई पहुंचकर बच्ची के परिजनों से मुलाकात की। बच्ची के चेहरे और नाक में फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आई हैं। उसकी जान को फिलहाल खतरा नहीं है। आयोग ने शारीरिक उपचार के साथ मनोवैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया है।
स्कूल के अंदर बच्चों के बीच हुई दुखद घटना संज्ञान में आते ही अधिकारियों को निदेशालय स्तर पर समिति बनाकर तत्काल जांच और रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। लापरवाही करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
-महिपाल ढांडा, शिक्षा मंत्री
सीसीटीवी फुटेज से तय होगी जवाबदेही
निदेशालय स्तर पर गठित कमेटी की अध्यक्षता उप निदेशक एवं एचसीएस अधिकारी शिल्पी पात्र करेंगी। इसमें सहायक निदेशक अनिल दलाल और उप जिला अटॉर्नी (विधिक) सदस्य होंगे। कमेटी सीसीटीवी कैमरों, स्कूल में निगरानी व्यवस्था, स्टाफ की तैनाती, शिक्षकों और प्रधानाचार्य की भूमिका तथा स्कूल कमेटियों की ऑडिट रिपोर्ट की जांच करेगी।