- डीजीपी कार्यालय ने कोषागार एवं लेखा विभाग को भेजी दरों की सूची, जोखिम से लेकर राशन व वर्दी भत्ते तक का ब्योरा दिया
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में पुलिस कर्मियों को वेतन के साथ मिलने वाले विभिन्न भत्तों को ई-सैलरी पोर्टल पर अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुलिस महानिदेशक कार्यालय की ओर से कोषागार एवं लेखा विभाग को पत्र भेजकर मौजूदा भत्तों और उनकी दरों की जानकारी दी गई है। इससे कर्मचारियों के वेतन में संबंधित भत्तों का भुगतान दर्ज व जारी करने की प्रक्रिया सुचारु होगी।
पत्र के अनुसार पुलिसकर्मियों को पद के अनुसार जोखिम, वाहन, मोबाइल किट रिचार्ज, रखरखाव और कठिनाई भत्ता दिया जा रहा है। जोखिम भत्ता इंस्पेक्टर से कांस्टेबल तक 5000 रुपये मासिक है। वाहन भत्ता संबंधित पद के अनुसार 1000 रुपये तक है। मोबाइल किट रिचार्ज भत्ता भी पद के अनुसार अलग-अलग है।
राशन भत्ते की मासिक दर कांस्टेबल से डीएसपी तक एचएपी और आईआरबी में 2100 रुपये, अन्य इकाइयों में 1500 रुपये और कक्षा-चार कर्मचारियों के लिए 800 रुपये है। कमांडो फोर्स में 100 रुपये प्रतिदिन राशन राशि दी जाती है। वर्दी भत्ता सालाना डीएसपी से एएसआई तक 10 हजार और हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल को 7500 रुपये है। प्रशिक्षण देने वाले पुलिसकर्मियों को मूल वेतन का 20 प्रतिशत विशेष भत्ता भी मिलता है।