अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। केंद्र सरकार की ओर से लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कारों के आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 15 नवंबर तय की गई है। पात्र जिलों, संगठनों और अधिकारियों से निर्धारित शर्तों के अनुसार आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग ने वर्ष 2006 में यह योजना शुरू की थी जिसका उद्देश्य केंद्र व राज्य सरकारों के जिलों या संगठनों द्वारा किए गए असाधारण और अभिनव कार्यों को पहचान देना और पुरस्कृत करना है। पुरस्कार तीन श्रेणियों जैसे जिलों का समग्र विकास, आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम और नवाचार में प्रदान किए जाएंगे। आवेदन का मूल्यांकन सुशासन, गुणात्मक और मात्रात्मक उपलब्धियों के आधार पर किया जाएगा। जानकारी और पंजीकरण के लिए पोर्टल https://pmawards.gov.in या दूरभाष 011-23367966 पर संपर्क किया जा सकता है।