हरियाणा रोडवेज ने बसों की लाइव ट्रैकिंग की शुरुआत कर दी है। लोकेशन ट्रैक करने के लिए तैयार की गए एप में अभी कई बदलाव और सुधार किए जाएंगे। लाइव ट्रैकिंग में अभी बस कहां पहुंची है यह आसानी से पता लगाया जा सकता है। हरियाणा रोडवेज की इस एप के माध्यम से यात्री लंबी दूरी के लिए संचालित होने वाली वॉल्वो और हीटिंग, वेंटिलेशन व एयर कंडीशनिंग (एचवी-एसी) बसों के ऑनलाइन टिकट भी बुक करा सकते हैं। इसके साथ ही हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन भी एप के माध्यम से यात्री कर सकते हैं।
अधिकारियों के मुताबिक एचआर (हरियाणा रोडवेज) एप से फिलहाल रोडवेज की सिरसा, नारनौल, मनाली, हिसार, गुरुग्राम, दिल्ली आईएसबीटी कश्मीरी गेट, दिल्ली डोम एंड आईजीआई एयरपोर्ट, चंडीगढ़ आईएसबीटी-17, चंडीगढ़ आईएसबीटी-43 और अमृतसर के लिए संचालित होने वाली एचवी-एसी बसों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग होगी। हरियाणा परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव टीएल सत्य प्रकाश का कहना है कि हाल ही में एक एप तैयार कराकर बसों की ट्रैकिंग सहित तीन ऑनलाइन सेवाएं इससे जोड़ी गई हैं।