नरवाना में जनसभा को संबोधित करते सीएम योगी।
- फोटो : संवाद
कांग्रेस ने हमेशा देश के महापुरुषों का अपमान किया है। चाहे वह श्रीराम हों, श्रीकृष्ण हों या फिर बाबा साहिब डॉ. भीमराव आंबेडकर। कांग्रेस ने उनको चुनाव में हराने की कोशिश की थी, लेकिन भाजपा ने उनको पूरा मान-सम्मान दिया। यह बात उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नरवाना की मेला मंडी में रविवार को भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कही।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब भी कांग्रेस को सत्ता मिली, उन्होंने अनुसूचित जातियों पर अत्याचार किए। कांग्रेस की नीतियां हमेशा देश को कमजोर करने वाली रही हैं। उन्होंने जातिवाद और संप्रदायवाद को बढ़ावा देकर समाज में फूट डालने का काम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब आंबेडकर के सम्मान में कई योजनाओं की शुरुआत की, जैसे बाबा साहब के घर को स्मारक में तब्दील करना और उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना। कांग्रेस केवल सत्ता के लिए राजनीति करती है, जबकि भाजपा देश के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए काम करती है। भाजपा सरकार ने किसान, महिला, युवा और व्यापारियों के हितों का ध्यान रखा है। हरियाणा अब परिवारवाद और भ्रष्टाचार का नहीं, बल्कि विकास का केंद्र बना है। इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, नरवाना प्रत्याशी कृष्ण वेदी, जिलाध्यक्ष तेजिंदर ढुल, पूर्व सांसद अशोक तंवर भी मौजूद रहे।
यूपी में दंगे खत्म किए, हरियाणा में अभूतपूर्व विकास
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने विकास की नई राहें खोली हैं। वहां पिछले साढ़े सात वर्षों में एक भी दंगा नहीं हुआ है। इससे पहले उत्तर प्रदेश में दंगे आम बात थे, लेकिन भाजपा की सरकार ने प्रदेश को दंगों से मुक्त किया। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा ने भी अभूतपूर्व विकास देखा है। भाजपा सरकार ने जाति, धर्म, और संप्रदाय से ऊपर उठकर विकास कार्य किए हैं।