भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में पेपर बिल्डिंग में नहीं घुसने देने की रंजिश में कई युवकों ने रास्ता रोककर सुरक्षा कर्मचारी की पिटाई कर दी। सुरक्षाकर्मी की शिकायत पर सदर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सदर पुलिस को दी शिकायत में गांव मोहिला सिवानी निवासी संदीप ने बताया कि वह सीबीएलयू में बतौर सुरक्षाकर्मी तैनात है। पांच फरवरी की शाम पांच बजे वह अपना कार्य समाप्त कर सहायक मिथुन के साथ गाड़ी में बैठकर अपने घर जा रहा था। यूनिवर्सिटी से निकलते ही प्रेम नगर निवासी मोहित अपने साथियों के साथ बाइक से आया।
आरोपियों ने उसका रास्ता रोककर गाड़ी से नीचे उतार लिया। उस पर डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद वे वहां से भाग गए। संदीप ने बताया कि मोहित ने पेपर बिल्डिंग में प्रवेश नहीं करने देने की रंजिश के चलते उस पर हमला किया है। सदर पुलिस ने इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।