भिवानी। सड़क हादसे में छह बहनों के इकलौते भाई की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे गांव घुसकानी मोड़ के समीप हुआ। सदर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया। मृतक के चाचा के बयान दर्ज कर पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।
गांव धनाना द्वितीय निवासी 28 वर्षीय अमित बीए तक पढ़ाई के बाद गांव में ही मेहनत मजदूरी का काम करता था। अमित शुक्रवार सुबह बाइक से गांव तिगड़ाना से धनाना अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान हल्की बारिश हो रही थी। घुसकानी मोड़ के समीप अचानक अमित की बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे खड़े सफेदे के पेड़ से जा टकराई। सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी अमित को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस के जांच अधिकारी ने नागरिक अस्पताल पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के चाचा वीरेंद्र ने बताया कि अमित छह बहनों में इकलौता भाई था। उसके पिता की 2015 मेें मौत हो चुकी थी। पिता का साया सिर से उठने के बाद अमित ही परिवार का इकलौता कमाने वाला भी था। अमित की चार बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि दो बहनें अभी अविवाहित हैं। अमित खुद भी अविवाहित ही था। सदर थाना पुलिस ने मृतक के चाचा वीरेंद्र व चचेरे भाई कमल के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।