भिवानी। भारतीय सेना में भर्ती नहीं होने और ओवरएज होने के कारण पिछले महीने 29 अप्रैल को तालु गांव के युवा ने जान दे दी। उक्त युवा की तरह जिले के अनेक युवा ओवरएज के फेर में फंसकर तनाव में हैं। जिले में हजारों युवा सेना भर्ती की तैयारियों में जुटे हैं। अब युवा सड़क पर भी उतरकर भारतीय सेना में भर्ती किये जाने की मांग कर रहे हं। रविवार को काफी बेरोजगार युवा सड़क पर उतरे और रोजगार मांगा। साथ ही भारतीय सेना भर्ती के लिए ओवरएज हुए युवाओं को दो वर्ष की राहत दिए जाने की भी मांग की।
भारतीय सेना की पिछले तीन साल से अब तक कोई भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, जिसके कारण सेना की तैयारी करने वाले युवाओं में निराशा का माहौल है। समय पर भर्ती न होने की वजह से युवा ओवरएज हो जाते हैं, जिसके बाद वे अपनी पसंद की भर्ती में भाग लेने के लिए अयोग्य हो जाते हैं। सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं का कहना है कि हजारों रुपये लगाकर कोचिंग लेते हैं और सुबह चार बजे उठाकर मैदान में दौड़ लगाते हैं। बावजूद इसके समय पर सेना भर्ती न होने से ओवरएज हो जाते हैं, जिसके कारण मन टूट सा जाता है। युवाओं का कहना है कि देश की सेवा के लिए सेना में भर्ती होना उनका सपना है जोकि व्यवस्था की खामियों की वजह से टूट जाता है।
बेरोजगारों ने सड़क पर उतर मांगा रोजगार
शहर में रविवार को बेरोजगारों ने सड़क पर उतरकर रोजगार मांगा। बेरोजगार युवा रोहतक गेट चौक पर युवा नेता ललित लेघा के नेतृत्व में एकत्रित हुए और यहां रोष प्रदर्शन करने के बाद जुलूस के रूप में महम गेट, पुराना बस स्टैंड हांसी गेट होते हुए नेहरू पार्क तक गए। यहां से फिर वापस रोहतक गेट चौक पहुंचकर रोष जताया। युवाओं के साथ आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अग्रवाल भी आए। युवा नेता ललित लेघा ने कहा कि तीन साल से सेना की कोई भर्ती प्रक्रिया नहीं हो रही जबकि पहले हर साल भिवानी-चरखी दादरी, रेवाड़ी, झज्जर की भर्ती होती थी। अब भर्ती के इंतजार में युवा ओवरऐज हो रहे है। जिस कारण युवाओं के सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का सपना तो टूट ही रहा है बल्कि उनकी मेहनत पर भी पानी फिर रहा है। अब उनके भविष्य पर भी सवाल लग गया है। सरकार को तुरंत प्रक्रिया बहाल करनी चाहिए। साथ ही ओवरएज हुए युवाओं को दो-दो साल की राहत छूट दी जानी चाहिए। युवा यतिन, प्रवीण ने बताया कि रोजगार के इंतजार में पिछले तीन-चार साल से कड़ी मेहनत कर रहे है। हर रोज घंटों स्टेडियम, सड़क पर पसीना बहा रहे है। उसका परिणाम ये निकल रहा है कि वे ओवरएज हो रहे है। ललित अग्रवाल ने कहा कि आज प्रदेश में बेरोजगारी दर तेजी से बढ़ रही है और सबसे ज्यादा युवा भी हरियाणा में ही है। यहां 18 से 30 वर्ष के बीच लाखों युवा है, जिन्हें रोजगार की जरूरत है मगर बेरोजगार घूम रहे है। बेरोजगारी के कारण अपराध भी बढ़ रहा है।