भिवानी। शहर में गंभीर जल संकट बना है। ऐसे में रोजाना ही किसी न किसी क्षेत्र के लोग पानी को लेकर आक्रोश प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को बैंक कॉलोनी की महिलाओं ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता कार्यालय के बाहर मटका फोड़ प्रदर्शन किया और इसके बाद कार्यकारी अभियंता का घेराव कर खूब खरी खोटी सुनाई। महिलाओं ने कहा कि पिछले दो माह से बैंक कॉलोनी के करीब 400 घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है।
बैंक कॉलोनी निवासी सूबेदार वेदपाल पिचौपा, पार्षद कर्मबीर यादव व पार्षद अजय के नेतृत्व में कॉलोनीवासियों ने जनस्वास्थ्य विभाग एक्सईन कार्यालय पर मटका फोड़ प्रदर्शन किया। कॉलोनीवासियों ने एक्सईन को बताया कि पिछले दाे माह से बैंक कॉलोनी के लगभग 400 घरों में पीने के पानी की सप्लाई नहीं आ रही है। लोगों को टैंकर के माध्यम से खरीदकर पानी पीना पड़ रहा है। इस बारे में बार-बार एसई, एक्सईन व एसडीओ को अवगत करवाया जा चुका है। परंतु समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। इसी के विरोध में वे मटका फोड़ प्रदर्शन करने को मजबूर हुए। एक्सईन व एसडीओ ने क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया कि दो दिन के अंदर-अंदर बैंक कॉलोनी में पीने के पानी की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
कॉलोनीवासियों ने कहा कि दो दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 24 जून सोमवार को भिवानी-रोहतक रोड पर जाम लगाएंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर पवन काजल, पवन कुमार, संत कुमार, राजेंद्र, जगत, विकास कुमार, मोहन, रावत सिंह, मनदीप, दीपक, मुकेश, राजेश, रमेश बिमला, कांता, सुनीता, सरोज, कौशल्या श्योराण मौजूद रहे। संवाद
दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर भी लगा चुके हैं बैंक कॉलोनी के लोग जाम
पानी की समस्या को लेकर पिछले सप्ताह बैंक कॉलोनी के लोगों ने दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पालुवास मोड पर जाम लगा दिया था। कॉलोनी के लोगों ने विभागीय अधिकारियों के आश्वासन पर ही जाम खोला था, मगर आश्वासन के बाद भी इलाके में पीने के पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं दी गई। इसी से आक्रोशित महिलाओं ने बुधवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कार्यकारी अभियंता कार्यालय के बाहर खाली मटकों के साथ प्रदर्शन किया और फिर बाहर मटके फोड़ अपना गुस्सा जताया।