13 अगस्त को मिला शव
11 अगस्त की सुबह घर से प्ले स्कूल के लिए निकली ढाणी लक्ष्मण निवासी 19 वर्षीय शिक्षिका मनीषा का 13 अगस्त की सुबह सिंघानी में नहर के पास शव मिला। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अपराधियों की गिरेबान तक नहीं पहुंच पाए। जिसके कारण इलाके के लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। पांच दिनों में मृतका के शव का भिवानी सामान्य अस्पताल और रोहतक पीजीआई में दो बार पोस्टमार्टम किया जा चुका है। परिजन ही नहीं इलाके के लोग भी इस बात पर अड़े हैं कि जब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, युवती का शव नहीं लिया जाएगा। पांच दिनों में इस मामले में शून्य परिणाम के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी संज्ञान लिया है। इस मामले में कोताही बरतने वाले चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है जबकि लोहारू पुलिस थाना प्रभारी अशोक कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है। भिवानी जिला पुलिस कप्तान मनबीर सिंह का तबादला कर दिया गया है।
21 सदस्यीय कमेटी ने पुलिस को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम
शुक्रवार देर शाम आईजी वाई पूर्ण कुमार से ढिगावा में हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना दे रहे 21 सदस्यों की कमेटी ने लोहारू के लोक निर्माण विश्राम गृह में मुलाकात की। कमेटी सदस्य कपूर सिंह प्रधान ने कहा कि चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस की लापरवाही को नकारा नहीं जा सकता। चार दिन बाद भी पुलिस की जांच एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पाई है। यदि 48 घंटों में दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो चक्का जाम कर दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगा। शुक्रवार को दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे भी ग्रामीणों ने कई घंटे जाम रखा।
पीजीआई में दोबारा हुआ पोस्टमार्टम, दुष्कर्म पर संशय
महिला शिक्षिका की रोहतक पीजीआई में दोबारा हुए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट भी आ गई है, जिसमें तेजधार हथियार से बेरहमी से गला रेतकर हत्या की पुष्टि हुई है। वहीं दुष्कर्म को लेकर रिपोर्ट में संशय बना है। जिसको लेकर बिसरा रिपोर्ट भी मधूबन भेजी गई है। शव की दोनों आंखें व कई अंग गायब हैं।
2014 बैच के आईपीएस सुमित को मिली भिवानी एसपी की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षिका हत्या मामले में संज्ञान लेने के बाद प्रवर पुलिस अधीक्षक मनबीर सिंह का तबादला कर दिया है। उनकी जगह 2024 बैच के आईपीएस अधिकारी सुमित कुमार को भिवानी का नया पुलिस अधीक्षक लगाया है। नए एसपी ने ग्रामीणों के धरने के बीच पहुंचकर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
इस मामले में कोताही बरतने पर इआरवी का रिस्पांस सुस्त रहा है, इसलिए ईआरवी के तीन कर्मचारियों को सस्पेंड किया गया है। लोहारू के एसएचओ अशोक कुमार को लाइन हाजिर किया गया है। लोहारू थाने की एएसआई शकुंतला को भी सस्पेंड किया गया है। जनता से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें संयम से काम लें और पुलिस को जांच करने का समय दें। पुलिस की छह टीमें इस मामले की जांच कर रही है। जल्द गुनहगारों को पकड़ लिया जाएगा।
-वाई पूर्ण कुमार आईजी रोहतक रेंज।
ये भी पढ़ें: Female Teacher Murder: शिक्षिका की हत्या के मामले में नया अपडेट... गला रेतकर किया था 19 साल की टीचर का कत्ल