डुप्लीकेट सर्टिफिकेट लेने आई गुड़गांव युवती से मोबाइल नंबर मांगना शिक्षा बोर्ड के दो अनियमित कर्मचारियों को भारी पड़ गया। युवती के सख्त रुख अपनाने के बाद कर्मचारियों को सार्वजनिक रूप से न सिर्फ माफी मांगनी पड़ी, बल्कि मुर्गा भी बनना पड़ा। युवती की शिकायत पर कर्मचारियों के इस करतूत की ज्वाइंट सेक्रेटरी ने रिपोर्ट तलब की है। मामला बुधवार दोपहर का है।
10वीं व 12वीं का डुप्लीकेट अंकपत्र लेने गुड़गांव की 25 वर्षीया युवती बोर्ड कार्यालय पहुंची थी। यहां अनुबंध आधार पर तैनात व एक अन्य दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी उसे बहकावे में लेकर अपने साथ यहां-वहां घुमाने लगे। काफी देर तक भटकाने के बाद कर्मचारी युवती से मोबाइल नंबर व गुड़गांव का पता मांगने लगे।
इस बीच मुख्य सुरक्षा अधिकारी भूपेंद्र कुमार की नजर उन पर पड़ी। पूछताछ में युवती ने कर्मचारियों की नीयत पर संदेह जताते हुए पूरा मामला बताया। मुख्य सुरक्षा अधिकारी ने फटकार लगाई तो कर्मचारी बहाने बनाने लगे। बाद में युवती ने सख्त रुख अपनाने पर दोनों कर्मचारियों ने सार्वजनिक रूप से हाथ जोड़कर माफी मांगी।
कैंपस में सबके सामने मुर्गा भी बने। युवती ने इसकी लिखित शिकायत भी की है। जिसके आधार पर सुरक्षा अधिकारी ने ज्वाइंट सेक्रेटरी महेन्द्र पाल ने जवाब तलब किया है। ज्वाइंट सेक्रेट्री के मुताबिक रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।