भिवानी। मौसम में हो रहे बदलाव का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है। शहर में गले में संक्रमण, सूखी खांसी और वायरल बुखार के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
इन समस्याओं से परेशान मरीज उपचार के लिए अस्पतालों का रुख कर रहे हैं। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज गले में दर्द, संक्रमण और वायरल बुखार की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। रविवार को अवकाश होने के कारण कई मरीज निजी अस्पतालों और मेडिकल स्टोरों पर भी उपचार के लिए पहुंचे, जहां गले के संक्रमण से पीड़ित लोगों की संख्या अधिक देखी गई।
मेडिकल कॉलेज में कार्यरत चिकित्सकों का कहना है कि मौसम के उतार-चढ़ाव के कारण इस प्रकार के संक्रमण बढ़ जाते हैं। डॉक्टर मरीजों को दवाइयों के साथ पर्याप्त आराम करने और ठंडी चीजों के सेवन से बचने की सलाह दे रहे हैं। इसके अलावा गले में संक्रमण या दर्द होने पर गुनगुने पानी से गरारे करने की भी सलाह दी जा रही है।
चिकित्सकों के अनुसार जिन लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है, वे ऐसे संक्रमण की चपेट में जल्दी आ जाते हैं। इसलिए ऐसे लोगों को अपने खान-पान और दिनचर्या का विशेष ध्यान रखना चाहिए, ताकि संक्रमण से बचाव किया जा सके।
-
ऐसे करें बचाव
- तेल युक्त खाद्य सामग्री के सेवन से परहेज करें।
- गले में संक्रमण होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
- नमक के पानी से गरारे करें।
- खांसी व जुकाम को लंबा न चलने दें।
-
ओपीडी में सामान्य मरीज आ रहे हैं। इसमें गले में संक्रमण, खांसी, जुकाम व बुखार के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। दवा व सावधानी बरतने की सलाह दे कर मरीजों को ठीक किया जा रहा है। मरीज की स्थिति के अनुसार कुछ मरीजों को दाखिल भी किया जा रहा है। लेकिन ज्यादातर मरीज सावधानी बरतने व समय से दवा लेने से ठीक हो रहे हैं।
- डॉ. यतिन गुप्ता, फिजिशियन, मेडिकल कॉलेज भिवानी।