बवानीखेड़ा में पानी की समस्या को लेकर भिवानी-हांसी मार्ग पर जाम लगाते कस्बा वासी ।
बवानीखेड़ा। कस्बे के वार्ड 14, 15 के लोगों ने पानी की समस्या के समाधान के लिए हांसी-भिवानी मार्ग जाम कर दिया। रोड जाम से हांसी-भिवानी मार्ग पर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गईं। कस्बे के लोगों को इन दिनों पेयजल के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हर राेज किसी न किसी वार्ड के लोग जलघर पहुंचकर रोष जाहिर कर रोड़ जाम कर रहे हैं।
वार्डवासियों में लालाराम, रोहताश, प्रेम, माया, मोनिका, संदीप ने कनिष्ठ अभियंता पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए बताया कि उनके वार्ड के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। पानी चलाने के आश्वासन पश्चात भी पानी नहीं चलाया जाता। बल्कि अपने चहेते व राजनीति में पैठ रखने वालों को महत्व दिया जाता है और उन्हें खरीदकर पानी पीना पड़ रहा है। इसी से आहत होकर वार्डवासियों ने जलघर पहुंचकर रोष जाहिर करते हुए रोड जाम कर दिया।
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। इस बारे में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता सचिन कौशिक ने बताया कि जलघर में पानी जमा होने लगा है। कस्बा के किसी भी वार्ड में पानी की समस्या नहीं आएगी। रूटीन में पानी की सप्लाई छोड़ी जाएगी।