भिवानी। पीओ स्टाफ की टीम ने अति वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी को 2014 में लूट की वारदात में अति वांछित घोषित कर 25 हजार का इनाम रखा था।
भिवानी पीओ स्टाफ के एएसआई सतीश कुमार की टीम ने अति वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान मेठेपुर जिला पलवल निवासी शाहिद के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ सात मई 2014 को सिवानी पुलिस थाना में हथियार के बल पर लूट का मुकदमा दर्ज था। शाहीद ने अपने साथियों के साथ मिलकर सात जून की सुबह राजगढ़ से हांसी के लिए जा रहे एक बिनौला के ट्रक को गांव बड़वा के पास स्कॉरपियो गाड़ी आगे लगाकर ट्रक लूट लिया था। दिन-दहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस द्वारा वारदात में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पीओ स्टाफ द्वारा आरोपी शाहीद को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।