33 साल बाद गांव गरवा में पहुंची परिवहन विभाग की बस।
बहल। सिवानी क्षेत्र के गरवा गांव में पिछले 33 सालों से कोई बस सेवा नहीं थी। इसके कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वहीं काफी बार अधिकारियों से भी ग्रामीणों ने बस सेवा शुरू करवाने की मांग कर चुके थे।
अब लोगों की मांग पर पूर्व मंत्री जेपी दलाल ने विभागीय अधिकारियों को बस सेवा शुरू करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद अब हरियाणा राज्य परिवहन की बस सेवा को गांव गरवा के लिए शुरू किया गया है।
दरअसल, बहल से झुंपा मार्ग पर स्थित गरवा गांव में कोई बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। सरपंच प्रतिनिधि सत्यवान ने बताया कि वर्ष 1991 तक गांव में बस सेवा की उपलब्धता थी। लेकिन उसके बाद से गांव में परिवहन विभाग की तरफ से किसी भी समय कोई बस सेवा नहीं दी गई थी। बाहर आने जाने के लिए लोगों को गरवा से करीब तीन किमी दूर पैदल चलकर बहल झुंपा मुख्य मार्ग पर आना पड़ता था, तब जाकर बस मिलती थी।
लोगों ने बस सेवा शुरू करवाने के लिए पूर्व मंत्री जेपी दलाल से अनुरोध किया कि कम से कम एक समय एक बस सेवा की उपलब्धता हो जिससे लोगों की परेशानी दूर हो। इसके बाद रोडवेज विभाग ने सुबह 6.30 बजे झुंपा से चलकर भिवानी जाने वाली बस को वाया गरवा होकर जाना सुनिश्चित कर दिया।
इससे भिवानी मुख्यालय में या किसी और काम से जाने वाले यात्रियों को सुगमता मिलेगी। गांव के सरपंच प्रतिनिधि सत्यवान, मुकेश जाखड़ फौजी ने बस सेवा के लिए पूर्व मंत्री जेपी दलाल, जीएम दीपक कुंडू का आभार जताया है।