बैठक में मौजूद लोगों से बातचीत करते चेयरमैन मनोज कुमार ।
भिवानी। खादी एवं ग्राम उद्योग आयोग के चेयरमैन मनोज कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खादी एवं ग्राम उद्योग नई ऊंचाइयों को छू रहा है। दस साल पहले ये उद्योग 30 हजार करोड़ रुपये का कारोबार था, जो अब एक लाख 56 हजार करोड़ रुपये से अधिक का हो गया है।
खादी एवं ग्राम उद्योग आयोग के चेयरमैन मनोज कुमार सिवानी में स्थानीय पीडब्लूडी रेस्ट हाउस में मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आयोग अपनी योजनाओं और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से बहुत कम लागत पर दूरदराज के क्षेत्रों में कारीगरों के लिए उनके द्वार पर रोजगार के अवसर प्रदान कर रहा है।
उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से टूल किट प्रदान कर कौशल-उन्नयन करने तथा अधिक से अधिक कारीगरों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे एक समृद्ध, मजबूत, आत्मनिर्भर और खुशहाल राष्ट्र निर्माण में हम आगे बढ़ सकें। उन्होंने लाभार्थियों को अपनी नई इकाइयों को सफलतापूर्वक संचालन के लिए नई-नई जानकारी दी। युवा स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनें। भारत सरकार की पीएमईजीपी योजना, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभा रही है।
इस दौरान पंजाब खादी बोर्ड के चेयरमैन इंद्रजीत सिंह मान, डायरेक्टर खादी बोर्ड केवाईसीवी शिवक कुमार, पीएमईजीपी से संजीव कुमार, वन राजिक अधिकारी मंदीप ढाका, हरपाल सिंह कौर, एसडीएम वीरेंद्र सिंह, मार्केट कमेटी सचिव शिव कुमार मौजूद रहे।