भिवानी। गांव पुर में मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने पेयजल किल्लत को लेकर जल घर पर ताला जड़ दिया। गुस्साएं ग्रामीणों ने प्रशासन व विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। सरपंच शेर सिंह दहिया ने विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया। सरपंच की सूचना पर जेई मौके पर पहुंचे। मगर ग्रामीण उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने पर अड़े रहे। गुस्साई महिलाओं ने जेई को बंधक बना लिया और जल घर पर भी ताला जड़ दिया।
मामला बिगड़ता देख एक्सईएन ने एसडीओ अमन मोर की जिम्मेदारी लगाई। एसडीओ अमन मोर ने ग्रामीणों की समस्या को सुना और सभी टैंकों की जल्द सफाई कराकर इन्हें भरवाने का आश्वासन दिया। एसडीओ को तीन दिन की मोहलत देकर ग्रामीणों ने दोपहर तीन बजे जलघर का ताला खोल दिया।
गांव पुर के ग्रामीण कई दिनों से जल संकट झेल रहे हैं। समाधान को लेकर दो साल पहले भी ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों का जलघर का ताला जड़ बंधक बनाया था। उसके बाद कुछ दिन हालात ठीक रहे। मंगलवार को ग्रामीणों ने पानी की समस्या से परेशान होकर सुबह दस बजे जलघर को ताला जड़ विरोध प्रदर्शन किया। सरपंच शेर सिंह, जयवीर, नरेश, प्रकाश, देवेंद्र, सुशीला, रानी, माहिनी, राजबाला ने कहा है कि अगर शुक्रवार शाम तक पेयजल समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़ा कदम उठाएंगे। ग्रामीणों का कहना है कि टैंक दो फुट गाद से अटे पड़े हैं।