भिवानी। चिटफंड कंपनियों द्वारा ठगे गए पीड़ित निवेशकों ने अपनी जमा पूंजी ब्याज सहित दिलवाने की मांग को लेकर रविवार को ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार (तपजप) के बैनर तले हुडा पार्क में एकत्रित होकर विरोध जताया। इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी और कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी के निवास स्थान पर जाकर उनके निजी सहायक दिलबाग नीमड़ी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन सौंपा।
तपजप के प्रदेश अध्यक्ष रामजस ने बताया कि हजारों गरीब व मध्यमवर्गीय परिवार चिटफंड कंपनियों के झांसे में आकर अपनी जीवनभर की जमा पूंजी गवां चुके हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि पीड़ित निवेशकों को शीघ्र उनकी जमा राशि ब्याज सहित दिलवाई जाए, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण ठीक ढंग से कर सके।
इस अवसर पर तपजप के जिला प्रधान रमेश तंवर, उमेद रानीला, पवन कुमार सरसा घोघड़ा, राजेश बडाला सहित कई पीड़ित निवेशक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि सरकार मामले में ठोस कार्रवाई करे और दोषी कंपनियों से निवेशकों का हक दिलवाया जाए।